Adani Group की कंपनी को सतारा में निर्माण रोकने का MPCB ने दिया निर्देश

Adani Group की कंपनी को सतारा में निर्माण रोकने का MPCB ने दिया निर्देश
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सतारा जिले में अदाणी रिन्यूएबल एनर्जी वन लिमिटेड को मजदूर शिविर की खुदाई और निर्माण रोकने का नोटिस दिया है। बोर्ड के अनुसार कंपनी ने 1,500 मेगावाट की तारली परियोजना के तहत आवश्यक पर्यावरणीय अनुमति लिए बिना यह कार्य शुरू किया था। बिना पूर्व अनुमति काम दोबारा शुरू करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीसीबी) ने अदाणी रिन्यूएबल एनर्जी वन लिमिटेड को सतारा जिले में अपने अस्थायी शिविर के लिए खुदाई और निर्माण कार्य रोकने का निर्देश दिया है। कंपनी पर जरूरी पर्यावरणीय मंजूरी और अनुमति लिए बिना यह काम शुरू करने का आरोप है। यहां से लगभग 300 किलोमीटर दूर सतारा के पाटन तालुका में स्थित यह मजदूर शिविर कंपनी की 1,500 मेगावाट की तारली पंप्ड स्टोरेज परियोजना का हिस्सा है।

एमपीसीबी ने 20 नवंबर को जारी काम रोको नोटिस में कहा कि कंपनी ने बोर्ड को बताए बिना और जरूरी अनुमति लिए बिना अस्थायी मजदूर शिविर तथा अन्य भंडारण गतिविधियों के लिए सावरघर गांव के गट संख्या 33 और 34 में खुदाई और विकास कार्य शुरू कर दिया था। एमपीसीबी ने कहा कि कंपनी ने खुदाई और विकास कार्य के लिए सक्षम प्राधिकारी से पर्यावरणीय मंजूरी नहीं ली थी। नोटिस में एमपीसीबी की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी गतिविधि को फिर से शुरू करने पर रोक लगाई गई है और चेतावनी दी गई है कि इसका पालन नहीं करने पर संबंधित पर्यावरण कानूनों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एमपीसीबी ने बताया कि उसके अधिकारियों ने 20 नवंबर को परियोजना स्थल का दौरा किया था, जिसके बाद सतारा के उप-क्षेत्रीय अधिकारी ने कानूनी कार्रवाई का प्रस्ताव सौंपा। नोटिस में कहा गया, एमपीसीबी ने कुछ नियमों और शर्तों के तहत अप्रैल 2025 में कंपनी को 1,500 मेगावाट की स्वतंत्र पंप्ड स्टोरेज परियोजना स्थापित करने की मंजूरी दी थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़