Shree Cement का बड़ा लक्ष्य, अगले 3-4 वर्षों में 10 करोड़ टन उत्पादन क्षमता पार करेगी

Shree Cement का बड़ा लक्ष्य, अगले 3-4 वर्षों में 10 करोड़ टन उत्पादन क्षमता पार करेगी
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

देश की तीसरी सबसे बड़ी सीमेंट उत्पादक कंपनी श्री सीमेंट ने अगले तीन से चार वर्षों में सालाना 10 करोड़ टन उत्पादन क्षमता हासिल करने की योजना बनाई है। कंपनी के चेयरमैन हरि मोहन बांगड़ ने बताया कि आक्रामक विस्तार और स्थिर मांग के सहारे यह लक्ष्य पूरा किया जाएगा। इसके अलावा कंपनी गुजरात और मेघालय में नए संयंत्र लगाने के लिए करीब 4,000 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है।

स्थापित क्षमता के लिहाज से देश की तीसरी सबसे बड़ी सीमेंट उत्पादक कंपनी श्री सीमेंट को उम्मीद है कि वह अगले तीन से चार वर्षों में 10 करोड़ टन सालाना उत्पादन क्षमता हासिल कर लेगी। कंपनी के चेयरमैन हरि मोहन बांगड़ ने यह जानकारी देते हुए कहा कि आक्रामक विस्तार योजनाओं और स्थिर मांग के दम पर यह लक्ष्य हासिल किया जाएगा। बांगड़ ने पीटीआई-भाषा के साथ बातचीत में कहा कि कंपनी अगले छह से सात वर्षों में 9-10 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (सीएजीआर) का लक्ष्य लेकर चल रही है, जो समग्र भारतीय सीमेंट उद्योग की अनुमानित 7-8 प्रतिशत वृद्धि से अधिक है।

उन्होंने कहा कि श्री सीमेंट लिमिटेड (एससीएल) को अगले दो वर्षों में आठ करोड़ टन सालाना क्षमता तक पहुंचने की उम्मीद है। कंपनी ने अपने विस्तार के तहत इस महीने की शुरुआत में आंध्र प्रदेश में सीमेंट संयंत्र लगाने के लिए 7,000 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की थी। इस सवाल के जवाब में कि क्या श्री सीमेंट 10 करोड़ टन सालाना का आंकड़ा पार कर जाएगी, बांगड़ ने कहा, हां, अगले तीन से चार वर्षों में।

उन्होंने कहा कि एससीएल गुजरात के कच्छ और मेघालय में संयंत्र स्थापित करने के लिए कुल मिलाकर लगभग 3,500 करोड़ रुपये से 4,000 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है, जिसका वित्तपोषण मुख्य रूप से कंपनी के आंतरिक संसाधनों से किया जा रहा है। बांगड़ ने कहा कि एससीएल एक संबद्ध कारोबार के रूप में रेडी-मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) क्षेत्र में भी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि श्री सीमेंट इस वक्त लगभग 40 आरएमसी संयंत्र संचालित करती है और अगले 15 से 18 महीनों में इनकी संख्या बढ़ाकर लगभग 60 से 80 करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि कुछ प्रतिस्पर्धियों के विपरीत, जो एकीकृत निर्माण समाधान देने के लिए तार, केबल और पेंट जैसे संबद्ध निर्माण-सामग्री खंडों में विस्तार कर रहे हैं, एससीएल फिलहाल ऐसे विविधीकरण पर विचार नहीं कर रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़