Creative Sensor Inc लगाएगी उत्तर प्रदेश में प्लांट, 1141 करोड़ का निवेश प्रस्ताव

Creative Sensor Inc लगाएगी उत्तर प्रदेश में प्लांट, 1141 करोड़ का निवेश प्रस्ताव
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

ताइवान की कंपनी क्रिएटिव सेंसर इंक के अध्यक्ष यूजीन हुआंग ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण इकाई का प्रस्ताव सौंपा। इस परियोजना के जरिए राज्य में करीब 1,150 से अधिक नए रोजगार सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में विकसित हो रही ताइवान सिटी का भी उल्लेख किया।

ताइवान की प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनी क्रिएटिव सेंसर इंक के अध्यक्ष यूजीन हुआंग ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर राज्य में अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स और सेंसर विनिर्माण क्षेत्र में करीब 1,141 करोड़ रुपये (12.2 करोड़ अमेरिकी डॉलर) के निवेश का प्रस्ताव रखा। राज्य सरकार के एक बयान के मुताबिक हुआंग ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में कंपनी की विनिर्माण इकाई स्थापित करने की इच्छा जताई।

बयान के अनुसार बैठक के दौरान हुआंग ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार, पारदर्शी कार्यप्रणाली और निवेश अनुकूल नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास और उद्योगों के लिए सकारात्मक माहौल तैयार होने से वैश्विक निवेशकों का राज्य के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है। हुआंग ने कहा, हम यहां एक महत्वपूर्ण विनिर्माण इकाई स्थापित करके उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित हैं।

बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निवेश प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे पसंदीदा निवेश गंतव्यों में शामिल हो चुका है। राज्य सरकार प्रदेश में उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का मजबूत परिवेश विकसित करने के लिए हरसंभव सहयोग देगी। अधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में 300 एकड़ में विकसित किए जा रहे ताइवान सिटी और प्रदेश में स्थापित हो रही सेमीकंडक्टर इकाई का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार की नीतियां उद्योगों के अनुकूल हैं और निवेशकों की सुविधा तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। बयान के अनुसार आदित्यनाथ ने कहा कि कंपनी की प्रस्तावित इकाई की स्थापना से प्रदेश के आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार और कौशल आधारित अवसरों के नए रास्ते खुलेंगे। बयान के मुताबिक इस परियोजना से प्रदेश में 1,150 से अधिक नए रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है, जिनमें स्थानीय इंजीनियरों और प्रबंधन पेशेवरों के लिए 200 से अधिक उच्च कौशल वाले पद शामिल होंगे।

क्रिएटिव सेंसर इंक की स्थापना 1998 में हुई थी और यह 2005 से ताइवान स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध है। यह कंपनी इमेज सेंसर, कैमरा एवं इन्फ्रारेड सेंसर मॉड्यूल, सटीक इलेक्ट्रॉनिक्स तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित इमेज प्रोसेसिंग और औद्योगिक निरीक्षण समाधान के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखती है। राज्य सरकार के मुताबिक, यह निवेश उत्तर प्रदेश को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने के साथ ही अत्याधुनिक तकनीक के स्थानीय स्तर पर विनिर्माण को भी बढ़ावा देगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़