Volodymyr Zelenskyy का दावा, लीबिया में यूक्रेनी समुद्री Drone ने रूसी युद्धपोत डुबोया

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

यूक्रेन ने लीबिया के एक बंदरगाह पर खड़े रूसी नौसेना के नए कार्वेट युद्धपोत पर समुद्री ड्रोन से हमला कर उसे डुबोने का दावा किया है। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के मुताबिक सात यूक्रेनी ड्रोन के जरिए करीब 2,400 किलोमीटर दूर इस अभियान को अंजाम दिया गया। इस कार्रवाई में रूसी जहाज पर मौजूद एक सैन्य हेलीकॉप्टर भी नष्ट हो गया।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोमवार को कहा कि लीबिया के एक बंदरगाह पर खड़े रूसी युद्धपोत पर यूक्रेन ने हमला किया था। उन्होंने दावा किया कि समुद्री ड्रोन के जरिए अचानक किए गए इस हमले ने एक दिन पहले रूसी नौसेना के युद्धपोत को डुबो दिया। जेलेंस्की के अनुसार, इस अभियान के लिए यूक्रेन में निर्मित सात समुद्री ड्रोन तैनात किए गए थे, जिन्होंने भूमध्य सागर में रूसी नौसेना के एक कार्वेट युद्धपोत को निशाना बनाया। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह युद्धपोत रूस के सबसे नए युद्धपोतों में से एक था जिसे मॉस्को द्वारा 2022 में यूक्रेन पर हमला शुरू करने के एक साल बाद नौसेना में शामिल किया गया था। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने हमले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि रूस का रक्षा मंत्रालय उचित समझे जाने पर इस बारे में अधिक जानकारी देगा। यूक्रेन में अग्रिम मोर्चे से करीब 2,400 किलोमीटर दूर अंजाम दिया गया यह अभियान कीव की सेना की ओर से किए गए लंबी दूरी के ताजा साहसिक हमलों में से एक है। युद्ध के दौरान यूक्रेन ने कई बार ऐसे हमले किए हैं, जिनसे रूस को अप्रत्याशित झटका लगा और मॉस्को को शर्मिंदगी उठानी पड़ी। इनमें पिछले साल जून में चलाया गया ‘ऑपरेशन स्पाइडरवेब’ भी शामिल है। उस अभियान के दौरान ट्रकों से छोड़े गए ड्रोन ने रूस के विभिन्न हवाई अड्डों के पास खड़े 40 से अधिक विमानों को निशाना बनाया था। पूर्वी और दक्षिणी यूक्रेन से होकर गुजरने वाली करीब 1,250 किलोमीटर लंबे अग्रिम मोर्चे पर यूक्रेन के ड्रोन और जमीनी रोबोट रूस की बड़ी सेना को आगे बढ़ने से रोकने में मदद कर रहे हैं। वहीं, रूस की ओर से यूक्रेन पर की जा रही बमबारी ने सर्दियों से पहले देश के बिजली ग्रिड को भारी नुकसान पहुंचाया है और नागरिक इमारतों को भी तबाह किया है। क्षेत्रीय पुलिस ने सोमवार को बताया कि कीव के पास एक गांव में पांच मंजिला अपार्टमेंट इमारत पर रूस के हमले में 11 लोगों की मौत हो गई। राहत एवं बचाव सेवाओं के अनुसार, रविवार सुबह हुए हमले के बाद मलबे से सात साल के एक बच्चे और 79 वर्षीय एक महिला को बाहर निकाला गया। सोमवार को दक्षिणी यूक्रेन के जापोरिज्जिया शहर में एक अस्पताल पर रूस के हमले में तीन लोगों की मौत हो गई। क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, पूर्वी शहर क्रामातोर्स्क से लोगों को निकालकर ले जा रहे एक चिह्नित निकासी वाहन पर रूसी बलों के हमले में दो अन्य लोगों की मौत हो गई। यूक्रेन ने साइबेरिया से लेकर लीबिया तक रूसी ठिकानों को निशाना बनाया: जेलेंस्की ------------------------------------------------------------- जेलेंस्की ने रविवार को किए गए हमले को ‘अनुकरणीय’ बताते हुए कहा कि ‘हमने जो लक्ष्य निर्धारित किए थे, वे हासिल कर लिए गए हैं’। उन्होंने कहा, ‘‘हम निर्धारित समुद्री क्षेत्रों में अपने अभियान जारी रखे हुए हैं। हम रूस की आक्रामकता का जवाब दे रहे हैं। हम यूक्रेन के हथियारों का विकास कर रहे हैं।’’ जेलेंस्की ने सोमवार को बर्लिन में नाटो संसदीय सभा की बैठक को वीडियो संबोधन में कहा कि यूक्रेन ने पश्चिमी साइबेरिया तक रूसी तेल रिफाइनरियों और भूमध्य सागर में रूसी युद्धपोतों को निशाना बनाया है। यूक्रेनी सेना ने सूखा माल ढोने वाले मालवाहक रूसी जहाज ‘एमवी अंगारा’ को भी निशाना बनाया। जेलेंस्की ने कहा कि रूस इस जहाज का इस्तेमाल हथियारों के परिवहन के लिए करता था। उन्होंने बताया कि हमले में एक केए-27 सैन्य हेलीकॉप्टर भी नष्ट हो गया। जेलेंस्की ने यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (एसबीयू) और अन्य यूक्रेनी रक्षा बलों का आभार जताया, जिन्होंने उनके अनुसार, रूस के युद्ध के जवाब में की गई ‘‘यूक्रेन की एक शानदार सैन्य कार्रवाई’’ में हिस्सा लिया। जेलेंस्की ने कहा कि उन्हें रविवार और सोमवार को अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई और ‘‘हमने जो लक्ष्य तय किए थे, वे हासिल कर लिए गए।’’

लीबिया के अधिकारियों का दावा, दो समुद्री ड्रोन ने रूसी युद्धपोत को निशाना बनाया -------------------------------------------------------- लीबिया के अधिकारियों ने समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि हमले के दौरान कम से कम चार ड्रोन को बीच में ही मार गिराया गया, जबकि दो ड्रोन युद्धपोत से टकराए। यह कार्वेट श्रेणी का युद्धपोत तटीय जलक्षेत्रों में गश्त करने और अन्य जहाजों को सुरक्षा देने के लिए बनाया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि हमले में लीबिया और रूस के नागरिकों समेत कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं। ये अधिकारी पूर्वी और दक्षिणी लीबिया पर नियंत्रण रखने वाली स्वघोषित लीबियाई राष्ट्रीय सेना से जुड़े हैं। उन्होंने पत्रकारों से बात करने की अनुमति नहीं होने के कारण नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर जानकारी दी। ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा और खुफिया जोखिम आकलन कंपनी एम्ब्रे ने कहा कि बेनगाजी नौसैनिक अड्डे पर हुए कुछ विस्फोट संभवतः रूसी युद्धपोत में रखे गोला-बारूद में विस्फोट के कारण हुए थे। युद्धपोत पर हमले के कुछ घंटे बाद बेनगाजी के तट के पास माल्टा के ध्वज वाले एक अन्य वाणिज्यिक जहाज को भी समुद्री ड्रोन से निशाना बनाया गया। लीबिया के तटरक्षक बल ने यह जानकारी दी। यूक्रेन का दावा, रूसी मालवाहक जहाज प्रतिबंधों के दायरे में था --------------------------------------- यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (एसबीयू) ने इस अभियान को ‘बेमिसाल’ बताया। उसने कहा कि मालवाहक जहाज एमवी अंगारा प्रतिबंधों के दायरे में था और उसका इस्तेमाल रूसी सैन्य उपकरणों के परिवहन के लिए किया जाता था। एसबीयू के अनुसार, बहुउद्देशीय कार्वेट युद्धपोत ‘मर्करी’ नियमित रूप से रूसी नौसैनिक काफिलों को सुरक्षा देता था और एमवी अंगारा की निगरानी भी करता था। एसबीयू ने यह भी कहा कि कार्वेट युद्धपोत पर एक केए-27 हेलीकॉप्टर मौजूद था, जो युद्धपोत के साथ ही समुद्र में डूब गया। उसने कहा कि रूसी रक्षा बलों ने हमलावर ड्रोनों को मार गिराने के लिए हवाई, समुद्री और जमीनी तीनों मोर्चों से प्रयास किए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़