Indian Spices पर अमेरिका में शुल्क छूट चाहते हैं ट्रेडर्स, ASTA ने की मांग

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

वाशिंगटन में आयोजित बैठक में अमेरिकी मसाला कारोबारियों ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत भारतीय मसालों पर शुल्क राहत जारी रखने की उम्मीद जताई। अमेरिका सालाना भारत से लगभग 70 करोड़ डॉलर के मसाले आयात करता है। भारतीय दूतावास और अमेरिकन स्पाइस ट्रेड एसोसिएशन ने इस व्यापार साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया है।

(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, सात अक्टूबर अमेरिका के मसाला कारोबारी भारत के साथ व्यापार समझौते के तहत भारतीय मसालों पर शुल्क से छूट मिलने की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि अमेरिकी उपभोक्ताओं को ये मसाले उचित कीमतों पर उपलब्ध होते रहें। अमेरिका हर साल भारत से करीब 70 करोड़ डॉलर मूल्य के मसालों का आयात करता है और आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच मसालों के व्यापार के अधिक बढ़ने की उम्मीद है। ‘अमेरिकन स्पाइस ट्रेड एसोसिएशन’ (एएसटीए) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डोनाल्ड प्रैट ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमें सरकार से मसालों पर शुल्क छूट का समर्थन जारी रखने की उम्मीद है।

इसलिए हम आशा करते हैं कि दोनों देश मसालों की अमेरिका में आपूर्ति जारी रखने के लिए हरसंभव बेहतर कदम उठाएंगे।’’ भारत में मसाला कारोबार को बढ़ावा देने और इस क्षेत्र में कारोबारी साझेदारी विकसित करने के प्रयासों के तहत एएसटीए तथा अमेरिका में भारतीय दूतावास ने इंडिया हाउस में मसाला कारोबारियों की बैठक आयोजित की। प्रैट ने कहा कि भारत, अमेरिका को मसालों की आपूर्ति करने वाले प्रमुख देशों में शामिल है। इसके अलावा वियतनाम, इंडोनेशिया और चीन भी अमेरिका को मसालों की आपूर्ति करते हैं।

उन्होंने कहा कि अमेरिका में मसालों का बाजार आगे और बढ़ने की संभावना है क्योंकि उपभोक्ता विभिन्न मसालों के स्वास्थ्य संबंधी फायदों के बारे में जान रहे हैं। अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने कहा कि अमेरिका को भारत का मसाला निर्यात साल-दर-साल बढ़ता रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास यह मानने के पर्याप्त कारण हैं कि आने वाले वर्षों में भी इसमें और वृद्धि जारी रहेगी।’’ भारतीय दूतावास ने भारतीय मसालों को बढ़ावा देने के लिए एक स्वागत समारोह भी आयोजित किया।

एएसटीए की कार्यकारी निदेशक लॉरा शुमोव ने कहा कि उनका संगठन भारतीय दूतावास के साथ मिलकर काम करता है और उम्मीद है कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता नए कारोबारी संबंध बनाने के लिए और अवसर उपलब्ध कराएगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़