PM Modi से मिलने दिल्ली पहुंचे नेपाल के पीएम Balendra Shah, सीमा विवाद से लेकर बिजली तक होगी बात

Balendra Shah
ANI
एकता । Nov 22 2026 6:05PM

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह अपने पहले द्विपक्षीय दौरे पर भारत पहुंचे हैं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और रक्सौल-काठमांडू रेल संपर्क सहित कई अहम मुद्दों पर द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। सीमा विवाद की पृष्ठभूमि में हो रही इस बैठक का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार, धार्मिक पर्यटन और आपसी सहयोग को और मजबूत करना है।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह भारत के दो दिवसीय राजकीय दौरे पर नई दिल्ली पहुंच गए हैं। दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आए बालेंद्र शाह की मार्च 2026 में पद संभालने के बाद यह पहली भारत यात्रा है। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है।

भारत दौरे के दौरान सोमवार को बालेंद्र शाह की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होगी। नई दिल्ली में दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत भी होगी। इस बैठक में ऊर्जा, जलविद्युत, रेलवे, सड़क संपर्क और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों पर खास तौर पर चर्चा होगी। इसके अलावा नेपाल में चल रही कई परियोजनाओं का दोनों नेता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उद्घाटन कर सकते हैं। बैठक के बाद दोनों देशों के बीच अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कई अहम समझौतों और दस्तावेजों का आदान-प्रदान होने की भी संभावना है।

ऊर्जा और जलविद्युत पर रहेगा खास जोर

भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा के क्षेत्र में लंबे समय से सहयोग चल रहा है। दोनों देश बिजली उत्पादन और आपूर्ति को लेकर अपनी साझेदारी को और मजबूत करना चाहते हैं। नेपाल ने वित्त वर्ष 2025-26 में भारत को बिजली बेचकर करीब 1,800 करोड़ नेपाली रुपये कमाए। भारत नेपाल के लिए बिजली का एक बड़ा बाजार है। दोनों देशों के बीच लंबे समय के लिए बिजली आपूर्ति का समझौता भी इस साझेदारी का अहम हिस्सा है।

इसे भी पढ़ें: Congress के 10 साल बनाम Modi Govt के 10 साल, Amit Shah ने अरुणाचल के आंकड़े गिनाए

रक्सौल-काठमांडू रेल परियोजना पर भी होगी चर्चा

प्रधानमंत्री मोदी और बालेंद्र शाह की बैठक में सीमा पार रेल और सड़क संपर्क को बेहतर बनाने पर भी बात हो सकती है। दोनों देश रक्सौल-काठमांडू रेल लिंक जैसी परियोजनाओं की संभावनाएं तलाश रहे हैं। इस रेल परियोजना से दोनों देशों के बीच यात्रियों की आवाजाही आसान हो सकती है। साथ ही सामान की ढुलाई के लिए भी नए रास्ते खुलेंगे।

अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच शुरू होगी ट्रेन सेवा

भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन और संपर्क को बढ़ावा देने के लिए अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा भी शुरू होगी। इससे रामायण परंपरा से जुड़े भारत और नेपाल के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच संपर्क और मजबूत होगा।

नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है भारत

भारत, नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक, पारगमन और निवेश साझेदार है। नेपाल को भारतीय बाजार में बिना शुल्क के सामान बेचने की सुविधा मिली हुई है। नेपाल के कुल सामान निर्यात का करीब 80 फीसदी हिस्सा भारत आता है। विदेशी निवेश के मामले में भी भारत नेपाल में सबसे आगे है। नेपाल में आए कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में भारत की हिस्सेदारी करीब एक-तिहाई है।

दोनों देशों के बीच विकास परियोजनाओं, बुनियादी ढांचे, तकनीक और आर्थिक सहयोग को लेकर मजबूत साझेदारी है। नेपाल एक ऐसा देश है जिसकी समुद्र तक सीधी पहुंच नहीं है। इसलिए समुद्र तक पहुंचने के लिए वह भारत पर निर्भर है। नेपाल अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा भी भारत से या भारत के रास्ते दूसरे देशों से मंगाता है।

इसे भी पढ़ें: बिहार में सुशासन के नाम पर हो रही लूट... Prashant Kishor का PM Modi पर पलटवार

सीमा विवाद के बीच हो रही है मोदी और बालेंद्र शाह की मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेंद्र शाह की यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब कुछ महीने पहले सीमा विवाद को लेकर दोनों देशों के संबंधों में थोड़ी तल्खी आई थी।

मई में बालेंद्र शाह ने भारत और नेपाल के पुराने सीमा विवाद को सुलझाने के लिए चीन और ब्रिटेन की भागीदारी की बात कही थी। इसके बाद भारत ने साफ किया था कि इस मामले में किसी तीसरे देश की भूमिका स्वीकार नहीं की जा सकती। भारत का कहना था कि सीमा विवाद सुलझाने के लिए दोनों देशों के बीच पहले से ही बातचीत की व्यवस्था मौजूद है।

भारत और नेपाल के बीच लिपुलेख, लिम्पियाधुरा और कालापानी को लेकर लंबे समय से विवाद है। भारत इन इलाकों को उत्तराखंड का हिस्सा मानता है। हालांकि, सीमा विवाद के बावजूद दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक रिश्ते काफी मजबूत हैं। भारत और नेपाल के संबंधों को अक्सर 'रोटी-बेटी' का रिश्ता भी कहा जाता है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़