Social Media पर वायरल Maggi का मामला, Nestlé ने FSSAI को सौंपी रिपोर्ट, कहा- आरोप बेबुनियाद

नेस्ले इंडिया ने सोशल मीडिया पर मैगी नूडल्स में कीड़े होने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि स्वतंत्र प्रयोगशाला की जांच में सभी उत्पाद खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे उतरे हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता ने जांच हेतु कोई नमूना नहीं दिया और संबंधित बैच के सैंपल में कोई संक्रमण नहीं पाया गया।
रोजमर्रा के उपभोक्ता उत्पाद (एफएमसीजी) क्षेत्र की प्रमुख कंपनी नेस्ले इंडिया ने मैगी नूडल्स में कीड़ों की मौजूदगी (इंफेस्टेशन) को लेकर सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोप खारिज करते हुए कहा है कि प्रयोगशाला परीक्षणों में सभी उत्पाद गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे पाए गए हैं। कंपनी ने शेयर बाजारों को दिए गए स्पष्टीकरण में कहा है कि सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक असत्यापित खाते द्वारा उठाई गई चिंता के बाद उसे यह शिकायत भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के माध्यम से मिली।
नेस्ले इंडिया ने 12 जून को प्रकाशित एक मीडिया रिपोर्ट पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा, “हम सोशल मीडिया पर एक असत्यापित खाते के आधार पर मैगी नूडल्स में कीड़े की मौजूदगी संबंधी आरोपों को स्पष्ट रूप से खारिज करते हैं।” इसके साथ ही कंपनी ने कहा कि शिकायतकर्ता की ओर से अब तक उत्पाद का कोई नमूना जांच के लिए नहीं दिया गया है। संपर्क करने की कोशिश के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला और संबंधित सोशल मीडिया खाते से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। नेस्ले इंडिया के अनुसार, मैगी नूडल्स के संबंधित बैच के संदर्भ नमूने को एफएसएसएआई की मान्यताप्राप्त एक स्वतंत्र प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया था, जहां जांच में नमूने में किसी भी प्रकार की कीड़ों की मौजूदगी नहीं पाई गई।
कंपनी ने बताया कि उसने इस मामले से जुड़े सभी दस्तावेज, बैच रिकॉर्ड, बाजार से लिए गए नमूने और परीक्षण रिपोर्ट पहले ही संबंधित प्राधिकरणों को सौंप दिए हैं। नेस्ले इंडिया ने कहा कि वह अपने सभी विनिर्माण कार्यों में सख्त गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करती है और नियामकीय संस्थाओं के साथ पूरी पारदर्शिता बनाए रखती है। नेस्ले इंडिया ने कहा, “हमें विश्वास है कि तथ्य और साक्ष्य इस मामले की वास्तविक स्थिति को स्पष्ट रूप से स्थापित करेंगे।
अन्य न्यूज़














