Team India को हराने के बाद Laura Wolvaardt की ललकार, अब T20 World Cup जीतने को बेताब हैं

Laura Wolvaardt
ANI

दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने आगामी महिला टी20 विश्व कप से पहले अपनी टीम की आईसीसी खिताब जीतने की प्रबल इच्छा व्यक्त की है, जिसे लगातार मिली करीबी हार ने और बढ़ा दिया है। उन्होंने भारत के खिलाफ हालिया श्रृंखला जीत को आत्मविश्वास बढ़ाने वाला बताते हुए कहा कि टीम अब फाइनल की बाधा पार करने के लिए बेताब है।

महिला टी20 विश्व कप की तैयारी में लगी दक्षिण अफ्रीका की कप्तान कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने कहा कि लगातार करीबी हार ने उनकी टीम की आईसीसी खिताब जीतने की भूख को और बढ़ा दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ हाल ही में शृंखला में जीत से उनकी टीम का विश्व कप से पहले काफी आत्मविश्वास बढ़ा है। दक्षिण अफ्रीका 2023 और 2024 में लगातार दो टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचा था और उसे इस बार खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। यही नहीं उसकी टीम पिछले साल वनडे विश्व कप में उपविजेता भी रही थी और अब वह फाइनल की बाधा को पार करने के लिए बेताब है।

वोल्वार्ट ने आईसीसी के लिए एक कॉलम में लिखा, ‘‘लगातार दो बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचना निश्चित रूप से हमारे लिए बेहद खास रहा लेकिन मुझे लगता है कि इसने हमें एक कदम और आगे बढ़ने के लिए उत्साहित कर दिया है।’’ इंग्लैंड और वेल्स में 12 जून से शुरू होने वाले विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका ने अप्रैल में पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में भारत को 4-1 से हराया था। वोल्वार्ट ने कहा, ‘‘भारत के खिलाफ श्रृंखला दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में से एक के खिलाफ खुद को परखने का अच्छा मौका था। उस श्रृंखला को जीतने से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा, लेकिन उससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि इसने टीम की क्षमता और जुझारूपन का पता चलता है। हमारे खिलाड़ियों में शानदार प्रदर्शन किया और उम्मीद है कि विश्व कप में भी यह जारी रहेगा।’’

दक्षिण अफ्रीका ने इस साल टी20 प्रारूप में शानदार प्रदर्शन किया है। उसने भारत को हराने से पहले न्यूजीलैंड को 4-1 और पाकिस्तान को 2-1 से पराजित किया था। वोल्वार्ट ने कहा, ‘‘अब तक हमारी तैयारी बहुत अच्छी रही है। विश्व कप से पहले हमें न्यूजीलैंड और भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खेलने का मौका मिला। इससे हमें अलग-अलग परिस्थितियों में खुद को परखने का शानदार अवसर मिला।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़