Sri Lanka फॉलोऑन करने के बाद भी न्यूजीलैंड से 303 रन पीछे

Sri Lanka New Zealand
प्रतिरूप फोटो
Twitter

न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी चार विकेट पर 580 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी जिसके जवाब में श्रीलंका की टीम 164 रन पर आउट हो गई। न्यूजीलैंड ने इस तरह से पहली पारी में 416 रन की बड़ी बढ़त हासिल की और उसके कप्तान टिम साउदी ने श्रीलंका को फॉलोऑन के लिए आमंत्रित करने में कोई देर नहीं लगाई।

वेलिंगटन। श्रीलंका ने फॉलोऑन करने के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन रविवार को यहां अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 113 रन बनाए और उसे पारी की हार से बचने के लिए अब भी 303 रन की जरूरत है। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी चार विकेट पर 580 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी जिसके जवाब में श्रीलंका की टीम 164 रन पर आउट हो गई। न्यूजीलैंड ने इस तरह से पहली पारी में 416 रन की बड़ी बढ़त हासिल की और उसके कप्तान टिम साउदी ने श्रीलंका को फॉलोऑन के लिए आमंत्रित करने में कोई देर नहीं लगाई। न्यूजीलैंड ने एक महीने पहले इसी मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ फॉलोऑन करते हुए एक रन से रोमांचक जीत दर्ज की थी।

श्रीलंका ने दूसरी पारी में सजग शुरुआत की। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के समय कुसल मेंडिस 50 और एंजेलो मैथ्यूज एक रन पर खेल रहे थे। पहली पारी में खाता खोलने में नाकाम रहे मेंडिस ने दूसरी पारी में तीसरे दिन का खेल समाप्त होने से ठीक पहले 96 गेंदों पर अपना 17वां अर्धशतक पूरा किया। तीसरे दिन के खेल में श्रीलंकाई बल्लेबाजी का आकर्षण कप्तान दिमुथ करुणारत्ने रहे। श्रीलंका ने सुबह अपनी पहली पारी दो विकेट पर 26 रन से आगे बढ़ाई तो करुणारत्ने ने नौवें विकेट के रूप में आउट होने से पहले टीम की तरफ से सर्वाधिक 89 रन बनाए।

इसे भी पढ़ें: Australia ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया

इसके बाद वह फिर क्रीज पर उतरे और उन्होंने दिन का खेल समाप्त होने से आधा घंटा पहले साउदी की गेंद पर डीप मिडविकेट पर कैच देने से पूर्व 51 रन की पारी खेली। श्रीलंका की पहली पारी में करुणारत्ने के अलावा दिनेश चंदीमल (37) और निसान मधुशका (19) ही दोहरे अंक में पहुंचे। न्यूजीलैंड की तरफ से मैट हेनरी और माइकल ब्रेसवेल ने तीन-तीन विकेट लिये। श्रीलंका ने अपने आखिरी छह विकेट 50 रन के अंदर गंवाए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़