US में अखबार से नाराज व्यक्ति ने दफ्तर पर किया हमला, 5 की मौत

Five killed in U.S. newspaper office shooting
[email protected] । Jun 29 2018 8:40PM

अमेरिका के अनापोलिस में एक अखबार से लंबे समय से नाराज एक श्वेत व्यक्ति ने बंदूक और स्मोक ग्रेनेड से समाचारपत्र के दफ्तर पर हमलाकर पांच लोगों की हत्या कर दी और तीन अन्य को घायल कर दिया। पुलिस ने इसे लक्षित हमला करार दिया है।

वॉशिंगटन। अमेरिका के अनापोलिस में एक अखबार से लंबे समय से नाराज एक श्वेत व्यक्ति ने बंदूक और स्मोक ग्रेनेड से समाचारपत्र के दफ्तर पर हमलाकर पांच लोगों की हत्या कर दी और तीन अन्य को घायल कर दिया। पुलिस ने इसे लक्षित हमला करार दिया है। अनापोलिस में कैपिटल गजट अखबार के दफ्तर पर यह हमला अमेरिका में 9/11 के आतंकवादी हमले के बाद से अमेरिकी पत्रकारिता के लिए सबसे भयावह दिन था। अनापोलिस वाशिंगटन से करीब 50 किलोमीटर दूर है।

हमलावर 38 वर्षीय जैरोड वारेन रामोस को हत्या के संदर्भ में पांच बिंदुओं पर आरोपित किया गया है। अदालती रिकार्ड से यह बात सामने आयी है कि रामोस ने 2012 में इस अखबार के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। एने अरुंदेल काउंटी के पुलिस उपप्रमुख बिल क्राम्फ ने संवाददाताओं से कहा, ‘यह कैपिटल गजट पर एक लक्षित हमला था। हमलावर आज पूरी तरह तैयार होकर आया था। वह लोगों को मारने की तैयारी के साथ आया था। उसकी मंशा लोगों को नुकसान पहुंचाने की थी।’

पुलिस ने बताया कि मारे गये लोग अखबार के सहायक संपादक रॉब हियासेन, संपादकीय पृष्ठ संपादक जिराल्ड फिशमैन, संपादक एवं संवाददाता जॉन मैकनमारा, विशेष प्रकाशन संपादक वेंडी विंटर्स और बिक्री सहायक रेबेका स्मिथ हैं। खबरों के अनुसार रामोस कैपिटल गजट अखबार के खिलाफ मानहानि का मुकदमा हार गया था। कैपिटल गजट ’ में 2011 में एक स्तंभ प्रकाशित हुआ। रामोस का कहना था कि इस लेख से उसकी मानहानि हुई थी।

खबरों के अनुसार यह स्तंभ सोशल मीडिया पर एक महिला को परेशान करने के संबंध में रामोस की स्वीकारोक्ति के संदर्भ में था। रामोस को घटनास्थल पर ही हिरासत में ले लिया गया। उसने अधिकारियों के साथ सहयोग नहीं किया। काउंटी के कार्यकारी स्टीव स्युच ने कहा कि जब पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तब संदिग्ध बिल्डिंग में एक डेस्क के नीचे छिपा था। पुलिस और उसके बीच मुठभेड़ नहीं हुई। 

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमले के शिकार लोगों के साथ संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा, ‘पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ मेरी दुआएं हैं। मौके पर फौरन पहुंचे सभी लोगों का शुक्रिया।’ कैपिटल गजट के संपादक जिम्मी डिबट्स ने ट्वीट किया कि इस घटना से वह तबाह, उदास और स्तब्ध हैं। डेमोक्रेटिक नेता नैंसी पेलोसी ने कहा कि कांग्रेस की जिम्मेदारी है कि वह यह सुनिश्चित करे कि ऐसी घटना न हो।

मीडिया से जुड़े संगठन रिपोटर्स विदाउट बोडर्स ने कहा कि इस घटना से वह बहुत व्यथित है। उसने इस घटना की त्वरित एवं सघन जांच की मांग की। इस बीच एहतियाती कदम के तहत अमेरिका में मीडिया कार्यालयों के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़