Mumbai Attack में मारे गए British उद्यमी Andreas Liveras पर पोती ने लिखी किताब

मुंबई के 26/11 आतंकी हमलों में मारे गए एकमात्र ब्रिटिश नागरिक एंड्रियास लिवेरास के जीवन पर उनकी पोती तान्या लिवेरास कैंडी ने एक संस्मरण लिखा है। यह पुस्तक हमलों की 18वीं बरसी पर जारी होगी, जिसमें उनके साइप्रस से ब्रिटेन तक के कारोबारी सफर और ताज होटल के अंतिम घंटों का विवरण दर्ज है। तान्या ने बताया कि अपने जुड़वां बच्चे को खोने के बाद उन्होंने इस दुख से उबरने के लिए लेखन शुरू किया था।
(अदिति खन्ना) लंदन, 22 नवंबर मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकवादी हमलों में मारे गए एकमात्र ब्रिटिश नागरिक की पोती ने अपने दादा की याद में एक किताब लिखी है जिसमें उसने उनके जीवन के अंतिम घंटों का ब्योरा देने के साथ ही बड़ी लग्जरी नौकाओं के उद्योग में अग्रणी कारोबारी के तौर पर उनकी विरासत को संजोने की कोशिश की है। तान्या लिवेरास कैंडी की पहली किताब में उनके दादा एवं उद्यमी एंड्रियास लिवेरास के असाधारण जीवन की कहानी है। इसमें साइप्रस के एक गांव में गरीबी में बीते उनके बचपन से लेकर ब्रिटेन में एक सफल कारोबारी साम्राज्य खड़ा करने तक के सफर का वर्णन किया गया है।
यह किताब अगले सप्ताह मुंबई आतंकी हमलों की 18वीं बरसी के मौके पर जारी होगी। इसमें 26 नवंबर 2008 को मुंबई के ताजमहल पैलेस होटल में लिवेरास के जीवन के अंतिम घंटों और उससे पहले की घटनाओं का ब्योरा दिया गया है। तान्या ने ‘पीटीआई’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘मेरे दादा को मुंबई हमेशा से बहुत पसंद थी।
वह कई साल पहले वहां गए थे और तभी से दोबारा जाने का मौका तलाश रहे थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए जब भारतीय बाजार में प्रवेश करने के मकसद से ग्राहकों के मनोरंजन के लिए उनकी एक बड़ी आलीशान नौका उधार लेने के संबंध में उनसे संपर्क किया गया, तो उन्होंने तुरंत यह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया।’’ तान्या ने मुंबई हमलों को याद करते हुए कहा, ‘‘उस शाम वह अपने चालक दल के सदस्यों को ताज होटल के एक रेस्तरां में ले गए और दुर्भाग्य से वे आतंकवादी हमलों में फंस गए।’’ तान्या के मन में इस किताब को लिखने का विचार उनके जीवन में हुई एक निजी त्रासदी के बाद आया। कठिन प्रसव के दौरान उन्होंने अपने जुड़वां बच्चों में से एक को खो दिया था। इस दुख से उबरने के लिए उन्होंने लिखना शुरू किया और धीरे-धीरे उनके लेखन ने एक व्यापक कहानी का रूप ले लिया जो ‘द विजन: वन मैन्स एक्स्ट्राऑर्डिनरी लाइफ एंड द सीज दैट शॉक्ड द वर्ल्ड’ किताब बनी।
तान्या ने कहा, ‘‘मेरे दादा की मौत 21वीं सदी के सबसे बड़े आतंकवादी हमलों में से एक का हिस्सा बन गई, लेकिन वह उनके असाधारण जीवन का केवल अंतिम अध्याय था। मैं सुर्खियों के पीछे छिपे उस व्यक्ति की कहानी बताना चाहती थी, जिसने बड़ी लग्जरी नौकाओं के उद्योग में अग्रणी भूमिका निभाई और वहां तक पहुंचने के लिए एक उल्लेखनीय सफर तय किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि ‘द विजन’ पढ़कर पाठक न केवल 26/11 की घटनाओं और ताज होटल के भीतर जो कुछ हुआ, उसे बेहतर ढंग से समझ पाएंगे, बल्कि एंड्रियास के जीवन से प्रेरणा भी लेंगे। वे यह समझेंगे कि जीवन केवल परिस्थितियों से असाधारण नहीं बनता, बल्कि इस दौरान हमारे द्वारा लिए गए फैसले उसे असाधारण बनाते हैं।’’ किताब में हमले में जीवित बचे लोगों के बयानों, साक्षात्कारों, परिवार के अभिलेखों और सत्यापित दस्तावेजों के आधार पर लिवेरास के जीवन के सफर के साथ ही ताज होटल के भीतर हुई भयावह घटनाओं को दोबारा सामने लाने की कोशिश की गई है।
तान्या को उम्मीद है कि उनकी किताब न केवल उनके दादा की विरासत को सम्मान देगी, बल्कि परिवार को उनके निधन के दुख से उबरने में भी मदद करेगी। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के कुछ सदस्य अब भी इस क्षति से उबर नहीं पाए हैं। मुंबई में 26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से समुद्री रास्ते आए 10 आतंकवादियों ने ताजमहल पैलेस होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट होटल, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस और नरीमन हाउस समेत कई स्थानों पर हमले किए थे।
करीब 60 घंटे तक चले इन हमलों में 166 लोगों की मौत हुई थी और सैकड़ों अन्य घायल हुए थे।
अन्य न्यूज़













