India-European संघ आपसी साझेदारी को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध

mutual partnership
प्रतिरूप फोटो
Google Creative Commons

दोनों देशों ने एक साझा बयान में यह भी कहा कि दोनों पक्ष विकास की गति को बढ़ाने और आधुनिक डिजिटल तकनीक तैनात करने के लिए आपसी साझेदारी को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जिससे दोनों ही देशोंको फायदा होगा।

भारत और यूरोपीय संघ ने कहा है कि वे मूलभूत मूल्यों को साझा करते हैं और एक बहु-ध्रुवीय दुनिया में सुरक्षा, समृद्धि और सतत विकास सुनिश्चित करने में दोनों का साझा हित है। दोनों देशों ने एक साझा बयान में यह भी कहा कि दोनों पक्ष विकास की गति को बढ़ाने और आधुनिक डिजिटल तकनीक तैनात करने के लिए आपसी साझेदारी को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जिससे दोनों ही देशोंको फायदा होगा। भारत-यूरोपीय संघ व्यापार एवं तकनीकी परिषद (टीटीसी) की पहली बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में दोनों पक्षों ने कहा कि वे दोनों ही चुनौतीपूर्ण और अस्थिर वैश्विक राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं।

ब्रसेल्स में मंगलवार शाम को संपन्न हुई बैठक की सह-अध्यक्षता यूरोप की ओर से कार्यकारी उपाध्यक्ष मार्ग्रेथ वेस्टेगर और वाल्डिस डोंब्रोव्स्की ने की। इस बैठक में भारत की ओर से विदेश मंत्री एस जयशंकर, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, कौशल विकास एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री राजीव चंद्रशेखर मौजूद थे। संयुक्त बयान में कहा गया, ‘‘भू-रणनीतिक चुनौतियों ने यूरोपीय संघ और भारत के साझा हित को मजबूत किया है ताकि साझा मूल्यों के आधार पर सुरक्षा, समृद्धि और सतत विकास सुनिश्चित किया जा सके। टीटीसी यूरोपीय संघ-भारत द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने में मदद करेगा, जो फिलहाल ऐतिहासिक रूप से उच्च स्तर पर है। वर्ष 2022 में 120 अरब यूरो मूल्य की वस्तुओं का कारोबार हुआ, जबकि इसी वर्ष 17 अरब यूरो मूल्य के बराबर डिजिटल उत्पादों और सेवाओं का कारोबार हुआ था।’’

बयान के मुताबिक, दोनों पक्षों ने नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था, संप्रभुता के सिद्धांतों का पूर्ण सम्मान, क्षेत्रीय अखंडता, पारदर्शिता और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के महत्व पर भी जोर दिया। संयुक्त बयान में वैकल्पिक आधार पर टीटीसी की वार्षिक बैठक यूरोपीय संघ और भारत के बीच कराने का आह्वान किया गया। इसकी अगली बैठक वर्ष 2024 की शुरुआत में भारत में होना प्रस्तावित है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़