Israel के PM Benjamin Netanyahu ने की UAE की गोपनीय यात्रा, राष्ट्रपति शेख मोहम्मद से मिले

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सप्ताहांत में संयुक्त अरब अमीरात का गोपनीय दौरा कर राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। दोनों देशों ने इस द्विपक्षीय बैठक की आधिकारिक पुष्टि की है। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संबंधों को मजबूत करने पर करीब एक घंटे तक चर्चा हुई।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस सप्ताहांत गोपनीय तरीके से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की यात्रा की। दोनों देशों ने सोमवार को इस यात्रा की आधिकारिक पुष्टि की। मामले से परिचित सूत्रों के हवाले से इजराइल के ‘चैनल 12’ की ओर से दी गई खबर के अनुसार, नेतन्याहू और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच रविवार को हुई बैठक करीब एक घंटे तक चली।

इस घटनाक्रम से परिचित एक सूत्र ने बताया कि वार्ता के केंद्र में इजराइली दैनिक समाचार पत्र ‘हारेत्ज’ में इस महीने की शुरुआत में प्रकाशित वह खबर थी, जिसमें कहा गया था कि यूएई के नेता ने सात अक्टूबर 2023 के हमले से ठीक पहले नेतन्याहू को हमास के संभावित हमले की चेतावनी दी थी। बैठक की प्रत्यक्ष जानकारी रखने वाले एक अन्य सूत्र के अनुसार, नेतन्याहू ने शेख मोहम्मद से इस खबर का सार्वजनिक रूप से खंडन करने का आग्रह किया। नेतन्याहू का कार्यालय पहले ही ‘हारेत्ज’ की इस खबर को खारिज कर चुका है।

यूएई ने सोमवार देर रात इस बैठक की पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों और ‘‘उन्हें मजबूत तथा विकसित करने के तौर-तरीकों’’ पर चर्चा की। नेतन्याहू के कार्यालय ने भी सोमवार देर रात बयान जारी कर कहा कि बैठक का उद्देश्य ‘‘द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना’’ था। हालांकि, कार्यालय ने यूएई के नेता से खबर के संबंध में किसी भी तरह का अनुरोध किए जाने से इनकार किया।

कार्यालय ने यह भी बताया कि इजराइल की सुरक्षा एजेंसी ‘शिन बेट’ ने ‘चैनल 12’ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चैनल ने नेतन्याहू के इजराइल लौटने से पहले ही उनकी यात्रा की खबर प्रसारित करके नियमों का उल्लंघन किया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़