UP Assembly Election 2027 के लिए BJP ने बनाया ट्रिपल एस फॉर्मूला, कानून व्यवस्था और UCC बनेंगे मुख्य मुद्दे

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और विकास योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क को अपना मुख्य आधार बनाएगी। पार्टी ने संगठन, सरकार और सहयोगियों को मिलाकर ट्रिपल एस फॉर्मूला तैयार किया है। इसके अलावा समान नागरिक संहिता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के मुद्दों को भी जोर-शोर से उठाया जाएगा।

(प्रकाश कुमार) नयी दिल्ली, 22 नवंबर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी उत्तर प्रदेश चुनाव मुख्य रूप से कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और विकास के मुद्दों पर लड़ेगी तथा ‘‘जीवन को बेहतर बनाने वाली’’ योजनाओं के लाभार्थियों से व्यापक स्तर पर संपर्क साधेगी तथा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद एवं वैचारिक मुद्दों को भी जोर-शोर से उठाएगी। जहां एक ओर भाजपा शासन के मामले में पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार से एक स्पष्ट अंतर दिखाना चाहती है, वहीं समान नागरिक संहिता (यूसीसी) भी चुनाव में एक अहम मुद्दा होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल में कहा था कि अगर अगले साल की शुरुआत में होने वाले उप्र विधानसभा चुनाव में भाजपा को लगातार तीसरी बार जनादेश मिलता है, तो वह उत्तर प्रदेश में इसे (यूसीसी) लागू करेगी।

भाजपा के एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश की जनता हमारा आकलन तीन सरल चीजों के आधार पर करेगी: क्या उनकी बेटियां अंधेरा होने के बाद खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं, क्या सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तव में उनके घरों तक पहुंचा है, और पिछली सरकार के गुंडाराज के दिनों की तुलना में राज्य में कितना बदलाव आया है। कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और लाभार्थी नेटवर्क हमारे चुनाव अभियान के मुख्य केंद्र होंगे।’’ उन्होंने बताया कि पार्टी ने अपने ‘‘मिशन-2027’’ के तहत एक ट्रिपल एस फॉर्मूला तैयार किया है — संगठन, सरकार और सहयोगी दल। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जमीनी स्तर पर काम करने, वैचारिक स्पष्टता और संगठनात्मक ताक़त को मिलाकर बनाई गई एक बहुआयामी रणनीति, 2027 में उत्तर प्रदेश के लिए भाजपा की चुनावी योजना का आधार बनेगी।

सूत्र ने बताया, ‘‘हमारा मिशन-2027 इसी ट्रिपल एस’ फॉर्मूले पर आधारित है। इसके तहत, भाजपा, उसके सहयोगी दल और सरकार मिलकर काम करेंगे, ताकि लोगों की समस्याओं और शिकायतों का समाधान किया जा सके।’’ सूत्रों के अनुसार, पार्टी रणनीतिकारों ने ‘लाभार्थी संपर्क’ और मतदाता सूची से जुड़े व्यापक अभियानों की योजना बनाई है, जिसमें डिजिटल निगरानी का भी इस्तेमाल होगा। भाजपा के एक नेता ने कहा, ‘‘जब वे अयोध्या में चढ़ावा चोरी की बात करेंगे, तो हम उन्हें मथुरा और काशी पर उनके रुख की याद दिलाएंगे।’’ सूत्रों ने बताया कि भाजपा और आरएसएस दोनों का ज़मीनी स्तर पर संपर्क, इस जवाबी रणनीति का तीसरा स्तंभ बनेगा।

सूत्रों के अनुसार, भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदेश में अपने 350 से अधिक कार्यकर्ताओं को विस्तारक (अल्पकालिक क्षेत्र आयोजक) के रूप में तैनात किया है। पार्टी नेता ने कहा कि उनका मुख्य ध्यान नव मतदाता सम्मेलनों , युवा चौपालों , चाय पे चर्चा और युवा उद्यमियों के साथ संवाद के आयोजन पर होगा, साथ ही कई अन्य रचनात्मक और लक्ष्योन्मुखी कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़