Mexico में FBI के वांछित Fausto Isidro Meza Flores की गिरफ्तारी के बाद हिंसा, 11 मरे

Mexico में FBI के वांछित Fausto Isidro Meza Flores की गिरफ्तारी के बाद हिंसा, 11 मरे
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

सिनालोआ राज्य के गुआसावे में सेना और मादक पदार्थ गिरोह के बीच हुई मुठभेड़ में चार सैनिकों और सात संदिग्ध सदस्यों की जान चली गई। अमेरिकी खुफिया सूचना पर पकड़े गए इस कुख्यात सरगना पर पांच करोड़ डॉलर का इनाम घोषित था। सुरक्षा बलों ने आरोपी को पकड़कर मेक्सिको सिटी भेज दिया है।

मेक्सिको के सिनालोआ राज्य में कुख्यात मादक तस्कर फाउस्टो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस उर्फ एल चापो इसिड्रो’ की गिरफ्तारी के बाद भड़की हिंसा में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के 10 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों में शामिल मेसा फ्लोरेस को शनिवार को गिरफ्तार कर मेक्सिको सिटी ले जाया गया। शुक्रवार रात गुआसावे शहर में मेक्सिको की सेना और मादक पदार्थ गिरोह के बंदूकधारियों के बीच भीषण गोलीबारी हुई।

इसके बाद शहर में ट्रकों और कारोबारी प्रतिष्ठान में आग लगा दी गयी। मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सात संदिग्ध गिरोह सदस्य और चार सैनिक मारे गए। मेसा फ्लोरेस पहले ‘बेल्ट्रान लेवा’ गिरोह का नेतृत्व करता था और बाद में अपने आपराधिक संगठन ‘मेजा-फ्लोरेस ट्रांसनेशनल क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन’ का प्रमुख बन गया।

अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने पर पांच करोड़ डॉलर का इनाम घोषित किया था। उस पर अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी करने और अवैध हथियार रखने के आरोप हैं। मेक्सिको सरकार ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन की खुफिया जानकारी से गिरफ्तारी में मदद मिली।

हिंसा के दौरान नागरिकों ने दुकानों में छिपकर जान बचाई। अमेरिका और मेक्सिको की सरकारों ने गिरफ्तारी को सुरक्षा के लिहाज से बड़ी सफलता बताया। हालांकि, विशेषज्ञों ने चेतावनी दी कि मादक पदार्थ गिरोहों के सरगनाओं को गिरफ्तार करने से उनके गुटों में सत्ता संघर्ष और हिंसा बढ़ सकती है।

उनका कहना है कि सरगनाओं की गिरफ्तारी से पूरे आपराधिक नेटवर्क का खात्मा नहीं होता।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़