PM Narendra Modi के न्योते पर Nepal के प्रधानमंत्री Balendra Shah 22 नवंबर को आएंगे भारत

काठमांडू में विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह 22 नवंबर को नयी दिल्ली पहुंचेंगे। मार्च में सत्ता संभालने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा होगी, जिसमें वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगे। 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ होने वाली इस यात्रा में दोनों देशों के बीच संपर्क, व्यापार और बुनियादी ढांचे के सहयोग पर वार्ता होगी।
(शिरीष बी प्रधान) काठमांडू, 20 नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर 22 नवंबर को नयी दिल्ली के लिए रवाना होंगे। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इस वर्ष 27 मार्च को पदभार संभालने के बाद शाह की यह पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा होगी।
हालांकि, वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए अमेरिका गए थे। विदेश मंत्रालय के सचिव अमृत बहादुर राय ने पत्रकारों को बताया कि 36 वर्षीय शाह 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। इसमें वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले और विदेश मंत्री शिशिर खनाल भी शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ भारत आएंगे। विदेश सचिव ने बताया कि यात्रा के दौरान शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी शाह से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे।
प्रधानमंत्री शाह दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पूरी करने के बाद 23 नवंबर को स्वदेश लौट आएंगे। प्रधानमंत्री के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक अलग कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा। मार्च में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के नेता के नेतृत्व में सरकार बनने के समय मोदी ने शाह को भारत आने का निमंत्रण दिया था।
यह सरकार पिछले साल सितंबर में युवा नेतृत्व वाले ‘जेन-जी’ आंदोलन के कारण के.पी. शर्मा ओली सरकार के सत्ता से हटने के करीब छह महीने बाद बनी थी। नेपाल के विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने मुताबिक, शाह की भारत यात्रा के दौरान रेल, सड़क और हवाई संपर्क, बुनियादी ढांचे का विकास, आपसी सहयोग, व्यापार और पर्यटन समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। नेपाल के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्रियों की यह लंबे समय से परंपरा रही है कि वे अपनी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा के लिए भारत को चुनते हैं।
हालांकि, यह परंपरा कोई अनिवार्य नियम नहीं है। पूर्व प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने 2024 में पहले चीन की यात्रा करके इस परंपरा से अलग रास्ता अपनाया था।
अन्य न्यूज़













