दुनिया पर मिलकर राज करेंगे Trump, Putin और Xi, Veto Power से लैस US, China, Russia की दोस्ती से सब हैरान

बैठक के बाद तीनों देशों ने एक संयुक्त घोषणा जारी की, जिसे चीन के सरकारी मीडिया ने 'पीस डिक्लेरेशन' यानी शांति घोषणा के रूप में प्रस्तुत किया। घोषणा में रणनीतिक स्थिरता, अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, ऊर्जा आपूर्ति, संयुक्त राष्ट्र में सुधार और परमाणु जोखिम कम करने जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी गई है।
वीटो पावर से लैस अमेरिका, चीन और रूस अब तक वैश्विक राजनीति में अलग-अलग खेमों से अपनी ताकत और प्रभाव का इस्तेमाल करते रहे हैं, लेकिन आज चीन के शेनझेन में हुई तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की मुलाकात ने एक नए वैश्विक समीकरण की संभावना पैदा करते हुए मिलकर पूरी दुनिया पर राज करने की रणनीति बनाई है। बैठक के निष्कर्ष साफ दर्शा रहे हैं कि दुनिया की इन तीन महाशक्तियों के नेताओं ने अब आपसी टकराव के बजाय साझा रणनीति के साथ आगे बढ़ने का संकेत दिया है। अगर यह नजदीकी ठोस सहयोग में बदलती है तो वैश्विक राजनीति, अर्थव्यवस्था, ऊर्जा सुरक्षा और सैन्य संतुलन पर इन तीनों का सामूहिक प्रभाव और बढ़ सकता है। हम आपको बता दें कि करीब 90 मिनट चली इस ऐतिहासिक बैठक में डोनाल्ड ट्रंप, व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग ने अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, परमाणु हथियारों, ऊर्जा आपूर्ति और संयुक्त राष्ट्र की भूमिका पर चर्चा की।
साथ ही बैठक के बाद तीनों देशों ने एक संयुक्त घोषणा जारी की, जिसे चीन के सरकारी मीडिया ने 'पीस डिक्लेरेशन' यानी शांति घोषणा के रूप में प्रस्तुत किया। घोषणा में रणनीतिक स्थिरता, अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, ऊर्जा आपूर्ति, संयुक्त राष्ट्र में सुधार और परमाणु जोखिम कम करने जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी गई है। लेकिन इस मुलाकात का वास्तविक महत्व घोषणा के शब्दों से कहीं आगे है। यह उस वैश्विक व्यवस्था में तीन बड़ी शक्तियों के सीधे संवाद का संकेत है, जहां पिछले कुछ वर्षों से टकराव, प्रतिबंध, युद्ध और रणनीतिक प्रतिस्पर्धा हावी रही है।
इसे भी पढ़ें: आसियान मंचः भारत का दबदबा, मोदी की कूटनीतिक गूंज
ऊर्जा से परमाणु सुरक्षा तक, तीनों ने तय किया साझा एजेंडा
संयुक्त घोषणा का सबसे महत्वपूर्ण आर्थिक और सामरिक पहलू रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों के उत्पादन और आपूर्ति को बढ़ाने का संकल्प है। तीनों देशों ने दुनिया के हित में स्थिर ऊर्जा प्रवाह बनाए रखने पर जोर दिया है। अमेरिका, रूस और चीन का इस मुद्दे पर एक साथ आना वैश्विक ऊर्जा बाजार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। रूस ऊर्जा का बड़ा उत्पादक और निर्यातक है, चीन दुनिया के सबसे बड़े ऊर्जा उपभोक्ताओं में शामिल है और अमेरिका वैश्विक ऊर्जा उत्पादन तथा व्यापार में बड़ी भूमिका निभाता है।
अगर इन तीनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग वास्तविक रूप लेता है तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में आपूर्ति की दिशा, कीमतों और ऊर्जा कूटनीति पर इसका प्रभाव पड़ सकता है। इसका सामरिक अर्थ यह है कि ऊर्जा अब केवल व्यापार का विषय नहीं, बल्कि वैश्विक प्रभाव और भू-राजनीतिक ताकत का प्रमुख हथियार है।
साथ ही परमाणु हथियारों को लेकर भी तीनों नेताओं ने महत्वपूर्ण प्रतिबद्धता जताई है। संयुक्त घोषणा में कहा गया है कि परमाणु युद्ध न तो जीता जा सकता है और न ही इसे लड़ा जाना चाहिए। तीनों देश परमाणु जोखिम घटाने और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए बातचीत करेंगे। देखा जाये तो दुनिया के तीन बड़े परमाणु शक्ति केंद्रों के बीच इस तरह का संवाद रणनीतिक स्थिरता के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय न्याय व्यवस्था पर भी बड़ा संदेश
इसके साथ ही घोषणा का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू संयुक्त राष्ट्र में सुधार की प्रतिबद्धता है। तीनों देशों ने सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य होने के नाते कहा है कि संयुक्त राष्ट्र को वैश्विक चुनौतियों से निपटने में अधिक प्रभावी बनाया जाना चाहिए। इसके साथ ही तीनों नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) और अन्य समान संस्थाओं के अधिकार क्षेत्र के दुरुपयोग का विरोध किया है।
देखा जाये तो यह मुद्दा रूस के लिए खास तौर पर महत्वपूर्ण है। यूक्रेन युद्ध को लेकर अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, जिसका रूस लगातार विरोध करता रहा है। अब अमेरिका, रूस और चीन ने संयुक्त रूप से कहा है कि किसी देश के सरकारी अधिकारियों को मिलने वाली कानूनी छूट का सम्मान किया जाना चाहिए और ICC जैसी संस्थाओं को अपने अधिकारों का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। इसका सीधा मतलब है कि तीनों महाशक्तियां अंतरराष्ट्रीय न्यायालयों और संयुक्त राष्ट्र जैसी संस्थाओं की मौजूदा कार्यप्रणाली में बदलाव चाहती हैं। वे ऐसी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की पैरवी कर रही हैं, जिसमें इन तीनों देशों के हितों और प्रभाव को अधिक महत्व मिले।
यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप और पुतिन की अलग-अलग प्राथमिकताएं
इस बैठक का सबसे दिलचस्प पहलू यूक्रेन युद्ध रहा। ट्रंप चाहते थे कि चीन और रूस के साथ मिलकर युद्ध समाप्त करने की दिशा में कोई रास्ता निकाला जाए। उन्होंने शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बातचीत में भी इस मुद्दे को उठाया। पुतिन ने भी कहा कि तीनों देशों के बीच यूक्रेन सहित क्षेत्रीय संघर्षों के समाधान को लेकर साझा हित हैं। हालांकि चीन ने बैठक के शुरुआती वक्तव्य में यूक्रेन का सीधा उल्लेख नहीं किया। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बाद में स्पष्ट किया कि यूक्रेन युद्ध त्रिपक्षीय बैठक का केंद्रीय विषय नहीं था। इससे संकेत मिलता है कि बीजिंग इस मंच को केवल रूस-यूक्रेन संघर्ष के समाधान तक सीमित रखने के पक्ष में नहीं है। चीन की प्राथमिकता अमेरिका के साथ संबंधों को स्थिर करना और वैश्विक कूटनीति में अपनी केंद्रीय भूमिका मजबूत करना है।
ताइवान पर शी जिनपिंग का ट्रंप को सीधा संदेश
इसके अलावा, चीन-अमेरिका संबंधों में सबसे संवेदनशील मुद्दा ताइवान भी इस घटनाक्रम के केंद्र में रहा। त्रिपक्षीय बैठक से पहले शी जिनपिंग और ट्रंप के बीच हुई द्विपक्षीय बातचीत में चीनी राष्ट्रपति ने अमेरिका से ताइवान के मामले में सही कदम उठाने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मुद्दे पर गलत फैसले चीन-अमेरिका संबंधों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है, जबकि अमेरिका उसे सैन्य सहायता और हथियारों की आपूर्ति करता रहा है। ट्रंप पहले ही ताइवान को नई हथियार बिक्री रोकने को बातचीत के एक संभावित विकल्प के रूप में पेश कर चुके हैं। ऐसे में चीन की कोशिश स्पष्ट है कि वह रूस के साथ अपने रणनीतिक संबंधों और अमेरिका के साथ सीधे संवाद का इस्तेमाल करके ताइवान के मुद्दे पर वाशिंगटन की नीति को प्रभावित करना चाहता है।
इसी बीच जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने स्पष्ट किया कि ताइवान पर जापान की नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। चीन-जापान के बीच पहले से जारी तनाव को देखते हुए यह बयान बताता है कि शेनझेन में महाशक्तियों की कूटनीति का असर पूरे एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा राजनीति पर पड़ सकता है।
अमेरिकी, रूसी और चीनी मीडिया की नजर में शेनझेन सम्मेलन
हम आपको यह भी बता दें कि इस ऐतिहासिक मुलाकात को वैश्विक मीडिया ने अपने-अपने नजरिये से देखा है। अमेरिकी मीडिया में इस सम्मेलन को ट्रंप की व्यक्तिगत कूटनीति और वैश्विक नेतृत्व प्रदर्शित करने के अवसर के रूप में प्रमुखता मिली है। अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टिंग में इस बात पर जोर है कि तीनों नेताओं की मुलाकात ऐतिहासिक जरूर है, लेकिन यूक्रेन, ईरान, व्यापार और परमाणु हथियारों पर उनके मतभेद इतने गहरे हैं कि किसी बड़े समझौते की उम्मीद करना जल्दबाजी होगी। अमेरिकी रिपोर्टिंग में ट्रंप के भव्य स्वागत और राजनीतिक प्रदर्शन को भी खास महत्व दिया गया है।
वहीं रूसी मीडिया, खासकर सरकारी समाचार एजेंसी TASS, ने इस बैठक को तीनों महाशक्तियों के बीच सहयोग की नई संभावना के रूप में पेश किया है। रूसी मीडिया रिपोर्टिंग में पुतिन के इस बयान को प्रमुखता मिली है कि तीनों देशों के क्षेत्रीय संघर्षों के समाधान में साझा हित हैं। क्रेमलिन ने पुतिन और ट्रंप की अलग-अलग मुलाकात को भी सकारात्मक बताया है। रूसी मीडिया के लिए यह मुलाकात पश्चिमी प्रतिबंधों और कूटनीतिक अलगाव के बीच मॉस्को की वैश्विक स्वीकार्यता प्रदर्शित करने का अवसर भी है।
दूसरी तरफ, चीनी मीडिया ने इसे सबसे अधिक ऐतिहासिक महत्व वाला घटनाक्रम बताया है। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने शी जिनपिंग के इस संदेश को प्रमुखता दी कि बड़ी शक्तियों के बीच शांति और सहयोग से ही दुनिया में स्थिरता आ सकती है। गौरतलब है कि चीन इस बैठक को अपनी कूटनीतिक नेतृत्व क्षमता और अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में बढ़ती भूमिका के प्रदर्शन के तौर पर प्रस्तुत कर रहा है।
दुनिया की नई रणनीतिक धुरी का संकेत
देखा जाये तो शेनझेन की यह बैठक कई स्तरों पर महत्वपूर्ण है। अमेरिका को रूस और चीन के साथ सीधे संवाद का मंच मिला है, रूस को वैश्विक कूटनीति में अपनी प्रभावशाली स्थिति प्रदर्शित करने का अवसर मिला है और चीन ने दुनिया की दो सबसे बड़ी सैन्य शक्तियों को अपनी मेजबानी में एक साथ बैठाकर अपनी कूटनीतिक हैसियत का प्रदर्शन किया है। हालांकि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि तीनों देशों के बीच कोई स्थायी रणनीतिक गठबंधन बन गया है। लेकिन इतना स्पष्ट है कि परमाणु सुरक्षा, ऊर्जा आपूर्ति, संयुक्त राष्ट्र में सुधार और अंतरराष्ट्रीय न्याय व्यवस्था जैसे मुद्दों पर तीनों देशों ने साझा बातचीत का रास्ता खोल दिया है।
बहरहाल, शेनझेन की बैठक ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आने वाले समय में वैश्विक राजनीति की दिशा तय करने में अमेरिका, चीन और रूस की भूमिका सबसे अहम रहने वाली है। अब तक एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी रहे इन तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों का एक मंच पर आना महज कूटनीतिक मुलाकात नहीं, बल्कि दुनिया के शक्ति संतुलन में बड़े बदलाव की आहट है। सवाल सिर्फ तीन महाशक्तियों के करीब आने का नहीं, बल्कि उस नई वैश्विक व्यवस्था का है, जिसकी दिशा और दशा तय करने में अब ये तीनों मिलकर बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
-नीरज कुमार दुबे
अन्य न्यूज़














