Khyber Pakhtunkhwa में सुरक्षा बलों का बड़ा एक्शन, TTP के तीन आतंकी ढेर

Khyber Pakhtunkhwa में सुरक्षा बलों का बड़ा एक्शन, TTP के तीन आतंकी ढेर
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

खैबर पख्तूनख्वा के मटानी इलाके में रविवार तड़के सुरक्षा बलों और आतंकवाद-रोधी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के तीन आतंकियों को मार गिराया। मौके से सुरक्षाकर्मियों ने भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और पहचान पत्र बरामद किए हैं। वहीं कुछ अन्य संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों के एक संयुक्त अभियान में प्रतिबंधित ‘तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान’ (टीटीपी) के कम से कम तीन आतंकवादी मारे गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। आतंकवाद-रोधी विभाग (सीटीडी) और पाकिस्तानी सेना के जवानों ने पेशावर से लगभग 25 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में मटानी इलाके में एक अभियान चलाया।

यह कार्रवाई उन खुफिया सूचनाओं के आधार पर की गई, जिनमें बताया गया था कि वहां कुछ ऐसे आतंकवादी मौजूद हैं, जो सरकारी प्रतिष्ठानों पर हमले की साजिश रच रहे हैं। सीटीडी के एक प्रवक्ता के अनुसार, आतंकवादियों को पकड़ने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने रविवार तड़के उस इलाके में घात लगाई थी। प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों को देखते ही आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी हुई।

बाद में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान तीन शव बरामद हुए, जिनकी पहचान अब्दुल रशीद, सईदउल्लाह और सईद नवाब के रूप में हुई। सीटीडी ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने मौके से दो कलाश्निकोव राइफल, एक पिस्तौल, तीन हथगोले, पांच मैगजीन और राष्ट्रीय पहचान पत्र भी बरामद किए। कुछ आतंकवादी अंधेरे और घने पेड़ों की आड़ लेकर भागने में सफल रहे।

उन्हें खोजने के लिए एक तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। एक अलग घटना में, दक्षिण वजीरिस्तान जिले के वाना बाजार में रविवार को अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने एक पुलिस कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या कर दी, स्थानीय पुलिस ने बताया। पुलिस अधिकारी के अनुसार, अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने वाना बाजार में मुगल खेल डेयरी के पास पुलिस कांस्टेबल सलाम पर गोलीबारी की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

उन्हें तुरंत जिला मुख्यालय अस्पताल वाना ले जाया गया, जहां उन्होंने चोटों के कारण दम तोड़ दिया। इस बीच, एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा के उत्तरी वजीरिस्तान जिले के मीर अली इलाके में तलाशी और सफाई अभियान के दौरान टीटीपी के हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटकों का एक बड़ा जखीरा भी बरामद किया। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने एक परित्यक्त मकान में बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री छिपा रखी थी।

परिसर की खुदाई के दौरान, सुरक्षा कर्मियों ने एक विमान भेदी तोप, भारी मशीन गन, आरपीजी-7 लॉन्चर, आरपीजी-7 कारतूस, क्वाडकॉप्टर ड्रॉप किट, यूबीजीएल के ग्रेनेड और डेटोनेटिंग कॉर्ड बरामद किए। यह अभियान पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच सामने आया है। इस्लामाबाद के इन आरोपों के कारण दोनों देशों के संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं कि आतंकवादी समूह, विशेष रूप से टीटीपी, अफगान क्षेत्र से काम करते हैं और पाकिस्तान के भीतर हमले करते हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़