19 October History: Benazir Bhutto दूसरी बार बनी थीं Pakistan की पीएम, MiG-21 भी हुआ था शामिल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

इतिहास में 19 अक्टूबर की तारीख पाकिस्तान में बेनजीर भुट्टो के दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने और भारतीय वायुसेना में स्वदेश निर्मित मिग-21 के शामिल होने से जुड़ी है। वर्ष 1993 में इसी दिन बेनजीर भुट्टो ने देश की कमान संभाली थी, जबकि 1960 में भारत में बना पहला लड़ाकू विमान मिग-21 वायुसेना के बेड़े का हिस्सा बना।

भारतीय वायुसेना के लिए 19 अक्टूबर का दिन बहुत खास है। वर्ष 1960 में आज ही के दिन, भारत में बने पहले लड़ाकू विमान मिकोयान-गुरेविच मिग-21 को वायुसेना में शामिल किया गया था। इससे पहले जो भी मिग-21 विमान वायुसेना में थे, वे रूस से आयातित थे।

तब से लेकर अब तक मिग- 21 ने कई अहम युद्ध में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है जिनमें 1971 का भारत-पाकिस्तान युद्ध, 1999 का करगिल युद्ध भी शामिल है। मिग-21 ने 26 सितंबर, 2025 को अंतिम बार भारतीय आकाश में उड़ान भरी और छह दशक से भी अधिक समय तक भारतीय वायुसेना के लड़ाकू बेड़े की ताकत रहे इस प्रसिद्ध विमान को इस दिन सेवामुक्त किया गया। बेनजीर भुट्टो को पाकिस्तान ही नहीं, बल्कि किसी भी मुस्लिम देश की पहली प्रधानमंत्री होने का दर्जा हासिल है।

पूर्व प्रधानमंत्री जुल्फिकार अली भुट्टो की संतान बेनजीर ने दो बार पाकिस्तान की बागडोर संभाली और दूसरी बार 19 अक्टूबर, 1993 को देश की जनता के भारी समर्थन से इस पद पर पहुंचीं लेकिन दोनों ही बार उनकी सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाई और उन्हें बर्खास्त कर दिया गया। बेनजीर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी की नेता के तौर पर देश में जम्हूरियत का चेहरा बनीं। उनकी लोकप्रियता बहुत से लोगों की आंख में खटकने लगी थी।

उनकी 27 दिसंबर, 2007 को एक चुनाव रैली के बाद हत्या कर दी गई थी। देश-दुनिया के इतिहास में 19 अक्टूबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1689 : रायगढ़ के किले पर औरंगजेब ने कब्जा किया। 1781 : ब्रिटेन के लार्ड कॉर्नवालिस ने वर्जीनिया के योर्कटाउन में अमेरिकी जनरल जार्ज वाशिंगटन के सामने समर्पण कर दिया, जिससे अमेरिकी क्रांति का अंत हुआ और देश की आजादी का रास्ता बना।

1812 : नेपोलियन बोनापार्ट की फ्रांसीसी सेना ने रूस से वापसी शुरू की। नेपोलियन की सेना एक महीने से रूस की लौटती सेना का पीछा कर रही थी। 1933 : बर्लिन ओलंपिक खेलों की आयोजन समिति ने 1936 में होने वाले ओलंपिक खेलों में पहली बार बास्केटबॉल को शामिल करने का ऐलान किया।

1970 : भारत में बना पहला रूसी सुपरसोनिक लड़ाकू विमान मिग 21 वायुसेना को सौंपा गया। 1983 : एस चंद्रशेखर ने भौतिकी के क्षेत्र में संयुक्त रूप से नोबल पुरस्कार जीता। 1987 : न्यूयॉर्क के वॉल स्ट्रीट में भारी बिकवाली के चलते जबर्दस्त गिरावट दर्ज की गई।

इसका असर दुनिया भर के शेयर बाजारों पर हुआ। 1993 : बेनजीर भुट्टो ने दूसरी बार प्रधानमंत्री के तौर पर पाकिस्तान की बागडोर संभाली। 2001 : इंडोनेशिया से क्रिसमस द्वीप जा रही प्रवासियों से भरी एक नाव जावा के पास डूब गई, जिसमें 146 बच्चों सहित 353 लोगों की जान चली गई।

2006 : मध्य प्रदेश के रीवा जिले के गोविंदगढ़ तालाब में जिगना से रीवा आ रही बस के गिर जाने से 62 यात्रियों की डूबकर मौत हो गई थी। 2013 : बेल्जियम के नामुर शहर में हुए विमान हादसे में एक पायलट और 10 स्काईडाइवर्स की मौत। 2017 : कंधार प्रांत में तालिबान के एक सैन्य अड्डे पर हुए बड़े आतंकी हमले में 43 अफगान सैनिक मारे गए।

2018 : पंजाब के अमृतसर में दशहरा के दिन रावण दहन देखने के लिए ट्रेन की पटरियों पर खड़े लोगों को पठानकोट से आ रही डीएमयू ट्रेन कुचलते हुए बढ़ गई। हादसे में 60 से अधिक लोग मारे गए और 100 से अधिक घायल हो गए। 2024 : उत्तरी गाजा के बेत लाहिया में इजराइल रक्षा बलों के भीषण हवाई हमलों में 92 से अधिक फलस्तीनियों की मौत हो गई थी और 100 से अधिक लोग घायल हुए थे 2025 : फ्रांस की राजधानी पेरिस स्थित प्रसिद्ध लूव्र संग्रहालय से चोरों ने नेपोलियन युग के लगभग 10.2 करोड़ डॉलर (करीब 88 मिलियन यूरो) मूल्य के गहने चुरा लिए।

चोरी के बाद संग्रहालय के बाकी बचे शाही गहनों को फ्रांस के बैंक के सुरक्षित वॉल्ट में रख दिया गया। इसी दिन पूर्वोत्तर ब्राजील में बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 17 लोगों की मौत हो गई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़