32माइलस्टोन कंपनी के Director अनुभव शर्मा और उनकी पत्नी धोखाधड़ी में गिरफ्तार

Prabhasakshi Image

गुरुग्राम में रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक अनुभव शर्मा और उनकी पत्नी ममता शर्मा को धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार कर छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बैंकों के पास गिरवी रखी संपत्तियां बेचकर निवेशकों से कथित तौर पर धोखाधड़ी की थी।

गुरुग्राम, तीन अगस्त हरियाणा के गुरुग्राम में रियल एस्टेट से जुड़ी एक कंपनी के निदेशक अनुभव शर्मा और उनकी पत्नी ममता शर्मा को धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, इससे पहले इस मामले में दंपति के बेटे ध्रुव दत्त शर्मा और शिरीन शर्मा को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने बैंकों के पास पहले से गिरवी रखी संपत्तियां बेचकर कई निवेशकों से कथित तौर पर धोखाधड़ी की। पुलिस के अनुसार, पिछले वर्ष 20 दिसंबर को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 32माइलस्टोन कंपनी के निदेशक अनुभव शर्मा, ध्रुव दत्त शर्मा और शिरीन शर्मा ने गुरुग्राम के सेक्टर-15 स्थित ‘32 माइलस्टोन’ में एक दुकान उसके बेटे को लगभग 28 लाख रुपये में बेच दी। आरोप है कि दुकान का वास्तविक क्षेत्रफल कम होने के बावजूद उसे अधिक क्षेत्रफल का बताकर बेचा गया।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने यह भरोसा भी दिलाया था कि दुकान को लंबी अवधि के लिए किराये पर दिया जाएगा, जिससे नियमित किराया मिलता रहेगा। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कुछ समय तक किराया दिया लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया और दुकान का वास्तविक कब्जा भी नहीं सौंपा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस तरह आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से करीब 28 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।

शिकायत के आधार पर गुरुग्राम के सिविल लाइंस थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और बाद में जांच आर्थिक अपराध शाखा-1 (ईओडब्ल्यू) को सौंप दी गई। जांच के दौरान पुलिस ने 31 जुलाई को अनुभव शर्मा (65) और एक अगस्त को उनकी पत्नी ममता शर्मा (65) को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़