Goa के करापुर-सारवन में हाउसिंग प्रोजेक्ट का विरोध कर रहे ग्रामीणों पर हमला, कॉजपा नेता दीपके का आरोप

उत्तरी गोवा के करापुर-सारवन गांव में एक निजी आवासीय परियोजना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों पर हुए हमले में कम से कम सात लोग घायल हो गए। कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके ने दावा किया कि जमीन बचाने की कोशिश कर रहे ग्रामीणों को जानबूझकर निशाना बनाया गया। उन्होंने राज्य सरकार पर आम जनता के बजाय बिल्डरों के हितों की पैरवी करने का आरोप लगाया।
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेता अभिजीत दीपके ने शनिवार को आरोप लगाया कि उत्तरी गोवा जिले के करापुर-सारवन गांव में एक निजी कंपनी की बड़ी आवासीय परियोजना का विरोध कर रहे स्थानीय लोगों पर बेरहमी से हमला किया गया, लेकिन राज्य सरकार को केवल बिल्डरों की चिंता है। बृहस्पतिवार रात करापुर-सारवन में हुई झड़प में कम से कम सात लोग घायल हो गए थे, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। मायेम विधानसभा क्षेत्र में स्थित इस गांव का दौरा करने पहुंचे दीपके ने दावा किया कि गंभीर रूप से घायल गौरीश घाडी को परियोजना का विरोध करने के कारण विशेष रूप से निशाना बनाया गया।
दीपके रविवार को तटीय राज्य गोवा से पार्टी के देशव्यापी अभियान ‘क्या बोलती पब्लिक’ की शुरुआत करने के लिए यहां आए हैं। दीपके ने कहा कि घाडी के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और सिर पर भी चोटें आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर दरांती से हमला किया गया था।
उन्होंने सवाल किया, “क्या उनका यह दोष था कि वह अपने गांव और वहां के लोगों की जमीन बचाने के लिए संघर्ष कर रहे थे?” उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला जानलेवा साबित हो सकता था। दीपके ने दावा किया कि हमले में सात से आठ लोग शामिल थे, लेकिन केवल एक व्यक्ति को कथित तौर पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर स्थानीय निवासियों के हितों के बजाय बिल्डर और कारोबारी समूहों के हितों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया।
उन्होंने दावा किया कि प्रस्तावित परियोजना के लिए बुनियादी ढांचा विकसित किया जा रहा है, जबकि ग्रामीणों को पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने सरकार की विकास प्राथमिकताओं पर भी सवाल उठाते हुए सवाल किया कि स्थानीय स्कूल और स्वास्थ्य सुविधाओं में क्या सुधार किया गया है। उन्होंने कहा, “गोवा अपने लोगों की वजह से गोवा है, बिल्डरों और कारोबारियों की वजह से नहीं।” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावशाली कारोबारी हितों को फायदा पहुंचाने के लिए राज्य के पारिस्थितिकी तंत्र को नष्ट किया जा रहा है।
कॉजपा नेता ने कहा कि विकास के नाम पर पहाड़ियों, जंगलों और अन्य प्राकृतिक संसाधनों को कारोबारी समूहों को सौंपा जा रहा है।
अन्य न्यूज़













