Priyadarshan निर्देशित फिल्म ‘हैवान’ ने वीकेंड पर की 11.55 करोड़ रुपये की कमाई

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी 17 साल बाद बड़े पर्दे पर लौटी है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हैवान’ ने अपने शुरुआती वीकेंड में अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर 11 करोड़ रुपये से अधिक जुटा लिए हैं। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन 4.60 करोड़ और सप्ताहांत में 6.95 करोड़ रुपये का कारोबार किया।

अभिनेता सैफ अली खान और अक्षय कुमार की फिल्म ‘हैवान’ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के शुरुआती सप्ताहांत में 11 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है। फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है, जो ‘हेरा फेरी’, ‘हुलचुल’, ‘भूल भुलैया’ और ‘हंगामा’ जैसी सफल हास्य फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। यह फिल्म अक्षय कुमार और सैफ अली खान को 17 साल बाद फिर से साथ लेकर आई है।

दोनों इससे पहले ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘टशन’, ‘आरजू’, ‘तू चोर मैं सिपाही’ और ‘कीमत’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। दोनों कलाकार आखिरी बार 2008 में आई एक्शन फिल्म ‘टशन’ में साथ नजर आए थे जिसमें करीना कपूर खान और अनिल कपूर भी थे। फिल्म कारोबार पर नजर रखने वाली वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, शुक्रवार को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन 4.60 करोड़ रुपये की कमाई की।

इसके बाद शनिवार और रविवार को फिल्म ने 6.95 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह फिल्म की कुल वैश्विक कमाई 11.55 करोड़ रुपये हो गई है। फिल्म में खान ने श्याम का किरदार निभाया है, जो दृष्टिबाधित मार्शल आर्टिस्ट और इमारत का देखभालकर्ता है।

वह अपनी अति सक्रिय इंद्रियों की मदद से रोजमर्रा की जिंदगी को संभालता है। ‘हैवान’ में सैयामी खेर, श्रेया पिलगांवकर, राजपाल यादव, शारिब हाशमी और दिवंगत दिग्गज अभिनेता असरानी समेत अन्य कलाकारों ने भी अभिनय किया है। फिल्म का निर्माण वेंकट के नारायण और शैलजा देसाई फेन ने किया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़