शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक, कहा- विकास कार्यो को जनता तक पहुंचाएं

amit-shah-meeting-on-bjp-workers-after-election-announcement
[email protected] । Sep 21 2019 4:55PM

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि चुनाव न सिर्फ लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव होता है बल्कि यह अपने देश और प्रदेश को विकास और सुशासन के पथ पर अग्रसर रखने का भी सबसे बड़ा माध्यम होता है।

नयी दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने चुनाव आयोग द्वारा महाराष्ट्र एवं हरियाणा में विधानसभा चुनाव की घोषणा का स्वागत करते हुए शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से 5 वर्षों में भाजपा की राज्य सरकारों के विकास और सुशासन के कार्यो एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। शाह ने ट्वीट किया कि आज चुनाव आयोग द्वारा महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों की घोषणा का हृदय से स्वागत करता हूँ। उन्होंने कहा कि चुनाव न सिर्फ लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव होता है बल्कि यह अपने देश और प्रदेश को विकास और सुशासन के पथ पर अग्रसर रखने का भी सबसे बड़ा माध्यम होता है।

इसे भी पढ़ें: महाराष्ट्र और हरियाणा में 21 अक्टूबर को होंगे चुनाव, 24 अक्टूबर को आएंगे परिणाम

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मैं महाराष्ट्र और हरियाणा के सभी मतदाताओं से और विशेषकर युवाओं से आह्वान करता हूँ कि आप अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर एक मजबूत सरकार चुनने में और अपने प्रदेश के विकास और उन्नति में भागीदार बने। शाह ने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा में गत 5 वर्षों में चली भाजपा की राज्य सरकारों ने प्रदेश को विकास और सुशासन की नित नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आवाहन किया कि वे अपनी सरकारों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाये और पुनः प्रचंड बहुमत के साथ सरकारें बनाये।

इसे भी पढ़ें: 64 सीटों पर भी 21 अक्टूबर को होंगे उपचुनाव, यहां देखें किस राज्य की कितनी सीटों पर होगा मतदान

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने शनिवार को घोषणा की कि महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव 21 अक्टूबर को होंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि दोनों राज्यों में मतों की गिनती 24 अक्टूबर को होगी। महाराष्ट्र में 288 सदस्यों वाली विधानसभा का कार्यकाल नौ नवंबर को खत्म हो रहा है, जबकि 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल दो नवंबर को खत्म होगा।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़