Amit Shah ने Arunachal Pradesh में सीमा सुरक्षा और बुनियादी ढांचे की समीक्षा की

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ईटानगर के लोक भवन में उच्चस्तरीय बैठक कर चीन से लगती सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी ढांचे का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी तंत्र मजबूत करने, नई चौकियां और हेलीपैड बनाने के निर्देश दिए। साथ ही 2029 तक नशामुक्त भारत के लक्ष्य के तहत मादक पदार्थों के नेटवर्क पर सख्ती बढ़ाने को कहा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को अरुणाचल प्रदेश में कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा और सीमा प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, खुफिया तंत्र को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बुनियादी ढांचे में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि यहां लोक भवन में उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए शाह ने सामरिक रूप से महत्वपूर्ण पूर्वोत्तर राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी तंत्र मजबूत करने की जरूरत बताई।
चीन के साथ अरुणाचल प्रदेश की लगभग 1,126 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था की बैठक में समीक्षा की गई। इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। गृह मंत्री ने सड़क संपर्क का विस्तार करने,अधिक सीमा चौकियां और हेलीपैड बनाने तथा दूरदराज के क्षेत्रों में दूरसंचार सुविधाओं में सुधार किये जाने पर बल दिया।
बैठक में अंतरराज्यीय सीमा से जुड़े लंबित मुद्दों के समाधान के लिए असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच लगातार बातचीत और समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2029 तक नशामुक्त भारत का लक्ष्य हासिल करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए शाह ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज की जानी चाहिए। अधिकारियों ने बताया कि राज्य की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बैठक में आपदा प्रबंधन तंत्र, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन सेवाओं और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणालियों को मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा की गई, ताकि आपात स्थिति में तैयारियों और उनसे निपटने की क्षमता को बेहतर बनाया जा सके।
अन्य न्यूज़













