गांधी परिवार पर शाह का तंज, हमने राजतंत्र को हटाया और कुछ लोग अब भी इस पर अड़े हैं

amit-shah-s-tan-on-the-gandhi-family
[email protected] । Feb 13 2019 8:39AM

गांधी परिवार पर अपना हमला जारी रखते हुए शाह ने कहा कि भाजपा में पार्टी कार्यकर्ताओं को ऊंचे पद पर काबिज होने के लिए किसी खास परिवार में जन्म नहीं लेना होता।

गोधरा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने गांधी परिवार पर मंगलवार को निशाना साधते हुए कहा कि भारत ने राजतंत्र को खारिज कर लोकतंत्र को अपनाया लेकिन “कुछ लोग” अब भी इसमें यकीन रखते हैं। पंचमहल जिले के गोधरा नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस में प्रधानमंत्री की सीट ‘‘जन्मजात आरक्षित’’ है। उन्होंने पूछा कि क्या इस पार्टी का कोई कार्यकर्ता कभी शीर्ष पद पाने की सोच सकता है। गांधी परिवार का नाम लिए बिना उन्होंने कहा, “एक राजतंत्र में राजा के बेटे या बेटी को गद्दी मिलती है। यहां तक कि उसका दामाद भी राजा बन सकता है। भले ही हमारे देश ने राजतंत्र को छोड़ लोकतंत्र को अपनाया पर कुछ लोग अब भी इसमें यकीन रखते हैं। उन्होंने लोकतंत्र का मजाक बना दिया है।” 

गांधी परिवार पर अपना हमला जारी रखते हुए शाह ने कहा कि भाजपा में पार्टी कार्यकर्ताओं को ऊंचे पद पर काबिज होने के लिए किसी खास परिवार में जन्म नहीं लेना होता। उन्होंने पूछा, ‘‘क्या कांग्रेस का कोई कार्यकर्ता प्रधानमंत्री बनने की सोच सकता है? नहीं क्योंकि उस पार्टी में यह सीट जन्मजात आरक्षित है।’’ साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा में एक कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री या यहां तक कि प्रधानमंत्री भी बन सकता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में उनके जैसा एक आम बूथ कार्यकर्ता पार्टी का अध्यक्ष बन सकता है और एक ‘चायवाला’ (मोदी) प्रधानमंत्री बन सकता है। शाह ने कहा, ‘‘मैं भाजपा का एक बूथ कार्यकर्ता था। मैं पार्टी का अध्यक्ष बन गया। चायवाला देश का प्रधानमंत्री बन गया।’’ लोकसभा चुनाव से पहले प्रियंका गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले महीने पार्टी महासचिव एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी नियुक्त किया था। 

यह भी पढ़ें: मोदी के साथ चट्टान की तरह खड़ी है जनता, विपक्ष से PM पद का उम्मीदवार कौन?

भाजपा कार्यकर्ताओं के ‘क्लस्टर सम्मेलन’ में शाह ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी वाड्रा को राम मंदिर विवाद पर अपना रुख साफ करना चाहिए। भाजपा प्रमुख ने कहा, “मैं साफ कर देना चाहता हूं कि भाजपा जल्द से जल्द और उसी स्थान पर भव्य राम मंदिर के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। हालांकि कांग्रेस कपिल सिब्बल एवं अभिषेक मनु सिंघवी जैसे अपने आदमियों को उच्चतम न्यायालय में सुनवाई को टालने के लिए भेजती है।” उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीत हमारी सरकार ने यथास्थिति को हटाने और अयोध्या में 42 एकड़ जमीन वापस पाने के लिए अदालत का रुख भी किया। हम पहले ही कह चुके हैं कि अयोध्या में मंदिर का निर्माण होना ही चाहिए। अब, राहुल बाबा और प्रियंका गांधी को अपना पक्ष साफ करना चाहिए और हमें बताना चाहिए कि वह इस पर सहमत हैं या नहीं।”  राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) विवाद पर शाह ने कहा कि भाजपा भारत को अवैध आव्रजकों से मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है क्योंकि वे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़