अमित शाह बंगाल यात्रा के दौरान भाजपा की चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे

Amit Shah

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार रात यहां पहुंच रहे हैं। राज्य की उनकी दो दिवसीय यात्रा शनिवार से शुरू हो रही है।

कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार रात यहां पहुंच रहे हैं। राज्य की उनकी दो दिवसीय यात्रा शनिवार से शुरू हो रही है। राज्य में सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस के अंदर बढ़ती बगावत के बीच शाह की यह यात्रा हो रही है। उल्लेखनीय है कि राज्य में कई मंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस के विधायक अपनी पार्टी तथा राज्य सरकार के कामकाज के खिलाफ खुल कर बोल रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: बंगाल में दो रैलियों को संबोधित करेंगे अमित शाह, यह होंगे कार्यक्रम

इस बीच, ये अटकलें भी तेज हो गई हैं कि कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफा दे चुके एवं तृणमूल कांग्रेस विधायक राजीब बनर्जी, तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित विधायक बैशाली डालमिया और उत्तरपारा विधायक प्रबीर घोषाल भी शाह की यात्रा के दौरान भगवा पार्टी का दामन थाम सकते हैं। शाह के शनिवार और रविवार को पश्चिम बंगाल में दो रैलियों को संबोधित करने का कार्यक्रम है। प्रदेश भाजपा के एक नेता ने कहा, ‘‘शनिवार सुबह शाह इस्कॉन, मायापुर जाएंगे। इसके बाद वह उत्तरी 24 परगना स्थित ठाकुरनगर जाएंगे, जो मतुआ समुदाय का गढ़ है। दिन में बाद में, वह पार्टी के सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के साथ एक बैठक करेंगे।

इसे भी पढ़ें: कर्नाटक में लगे कोरोना वैक्सीन के सबसे ज्यादा टीके, एक दिन में लगे 18,230 स्वास्थ्यकर्मियों को टीके

उनके कुछ अन्य कार्यक्रम भी हैं। ’’ भाजपा की चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए शाह पार्टी के नेताओं के साथ एक बैठक भी करेंगे। भाजपा नेता ने बताया, ‘‘रविवार को वह अरविंदो भवन जाएंगे। इसके बाद वह भारत सेवाश्रम संघ जाएंगे। वहां से वह हावड़ा रवाना होंगे, जहां वह एक जनसभा को संबोधित करेंगे। ’’ इसके बाद, शाम में वह बेलूर मठ जाएंगे। भाजपा सूत्रों के मुताबिक हावड़ा में शाह की रैली में कुछ आश्चर्यजनक राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकता है।

प्रदेश भाजपा प्रमुख दिलीप घोष ने कहा, ‘‘हमारी पार्टी में तृणमूल कांग्रेस के जिन नेताओं के शामिल होने की संभावना है उनकी सूची सोशल मीडिया पर घूम रही है। मैं सिर्फ यही कह सकहा हूं कि रविवार को कई आश्चर्यजनक चीजें देखने को मिलेंगी। ’’ राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़