कंगना रनौत की टिप्पणियों पर बोले अनिल देशमुख, उन्हें महाराष्ट्र में रहने का कोई अधिकार नहीं

Anil Deshmukh

महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस राज्य में उचित कानून- व्यवस्था सुनिश्चित करने में सक्षम है और जिन्हें मुंबई या महाराष्ट्र में असुरक्षित महसूस होता है, उन्हें यहां रहने का कोई अधिकार नहीं है।

मुंबई। महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने मुंबई को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से जोड़ने और पुलिस की आलोचना से संबंधित अभिनेत्री कंगना रनौत की टिप्पणियों पर शुक्रवार को कहा कि जिन्हें महाराष्ट्र या मुंबई में असुरक्षित महसूस होता है, उन्हें यह राज्य छोड़ देना चाहिये। कंगना ने कहा था कि उन्हें उन लोगों से अधिक मुंबई पुलिस से डर लगता है, जिन्हें वे मूवी माफिया कहती हैं। देशमुख ने कंगना का नाम लिये बगैर उनकी टिप्पणियों को हास्यास्पद बताया। उन्होंने मुंबई पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि उसकी तुलना अकसर ब्रिटेन की स्कॉटलैंड यार्ड से की जाती है। 

इसे भी पढ़ें: कंगना रनौत का आरोप, संजय राउत ने दी मुंबई वापस नहीं आने की धमकी, PoK जैसा फील कर रही हूं 

देशमुख ने नागपुर में पत्रकारों से कहा कि ऐसे हालात में एक अभिनेत्री द्वारा इस तरह के बयान दिया जाना हास्यास्पद है। चाहे मुंबई हो या पूरा महाराष्ट्र, सब पुलिस के हाथों में सुरक्षित है। राकांपा नेता देशमुख ने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस राज्य में उचित कानून- व्यवस्था सुनिश्चित करने में सक्षम है और जिन्हें मुंबई या महाराष्ट्र में असुरक्षित महसूस होता है, उन्हें यहां रहने का कोई अधिकार नहीं है। कंगना (33) द्वारा मुंबई और यहां की पुलिस को लेकर दिये गए विवादित बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। दरअसल शिवसेना नेता संजय राउत ने कथित तौर पर कंगना को कहा था कि अगर उन्हें मुंबई पुलिस से डर लगता है तो उन्हें यहां नहीं आना चाहिये। 

इसे भी पढ़ें: कंगना को संजय राउत की दो टूक, कहा- ट्वीट करने के बजाय सबूत के साथ पुलिस के पास जाएं 

कंगना ने राउत के इस बयान से जुड़ी एक खबर को टैग करते हुए ट्वीट किया था, मुंबई पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर क्यों लगने लगी है। कंगना ने कहा था कि उन्हें बॉलीवुड में ड्रग माफिया का पर्दाफाश करने के लिये हरियाणा या हिमाचल प्रदेश पुलिस की सुरक्षा चाहिये और वह मुंबई पुलिस की सुरक्षा स्वीकार नहीं करेंगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़