Aparna Yadav ने Azam Khan पर साधा निशाना, रिहाई के सवाल पर कहा- ऐसे असुरों की बात नहीं करनी चाहिए

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कानपुर देहात में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान सपा नेता आजम खान की रिहाई पर तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि ऐसे असुरों की चर्चा करने के बजाय लोगों को कथा सुननी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा दोबारा सत्ता में आएगी।

उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान की जेल से रिहाई से जुड़े सवाल पर उनका नाम लिए बिना उन्हें ‘असुर’ करार दिया। कानपुर देहात में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति द्वारा आयोजित कथा में शामिल होने पहुंचीं अपर्णा यादव ने पत्रकारों से बातचीत में आजम खान का जिक्र होने पर कहा, ‘‘हमें लगता है कि कथा सुननी चाहिए। ऐसे असुरों-भयंकरों की बात नहीं करनी चाहिये।’’ उन्होंने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि प्रदेश में कमल खिलेगा और भाजपा फिर सरकार बनाएगी।

सपा पर निशाना साधते हुए अपर्णा ने कहा कि पार्टी हमेशा महिला विरोधी रही है और उसने केवल अपने परिवार की महिलाओं को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नए संसद भवन के उद्घाटन के समय सबसे पहले नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित कराने की पहल की। अपर्णा यादव सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की बहू हैं और उनकी शादी प्रतीक यादव से हुई थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़