Arvind Kejriwal ई20 पेट्रोल के विरोध में प्रधानमंत्री आवास तक मार्च करेंगे

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नयी दिल्ली में घोषणा की कि वह ई20 ईंधन और इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल के विरोध में मंगलवार को 100 लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास तक मार्च करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में इसे बढ़ावा दे रही है।
नयी दिल्ली, तीन अगस्त आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह मंगलवार को 100 लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास तक मार्च करेंगे और ई20 ईंधन के खिलाफ ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में इसे बढ़ावा दे रही है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भारत ने अमेरिका से इथेनॉल खरीदने के लिए ट्रंप के सामने ‘‘घुटने टेक दिए’’ हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल को लगातार बढ़ावा देना किसी ‘‘छिपे हुए एजेंडे’’ का संकेत है। केजरीवाल ने सोमवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मैं कल 100 लोगों के साथ प्रधानमंत्री आवास जाकर जनता द्वारा हस्ताक्षरित याचिकाएं व्यक्तिगत रूप से सौंपूंगा और इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करूंगा। लोगों को अपनी गाड़ियों में कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इसके बावजूद सरकार इसे जारी रखे हुए है जिसका मतलब है कि इसके पीछे कोई छिपा हुआ एजेंडा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लोग कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी पर अमेरिका से इथेनॉल खरीदने के लिए ट्रंप का दबाव है।’’ केजरीवाल ने कहा कि पिछले महीने उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर ई20 पेट्रोल को लेकर चिंताओं पर चर्चा के लिए समय देने का अनुरोध किया था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर अब वह खुद प्रधानमंत्री को यह ज्ञापन सौंपेंगे। अपने पत्र में केजरीवाल ने पेट्रोल पंप पर शुद्ध पेट्रोल और ई20 ईंधन, दोनों विकल्प उपलब्ध कराने की मांग की थी। इसके अलावा, उन्होंने इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की कीमत कम करने की भी मांग की थी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें पत्र का कोई जवाब नहीं मिला, इसलिए अब हम खुद प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे। हमने इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के खिलाफ एक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया था। इस ज्ञापन पर दो लाख से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं।’’ केजरीवाल ने यह भी कहा कि ‘आप’ की ओर से पिछले सप्ताह इथेनॉल के मुद्दे पर आयोजित संवाद कार्यक्रम ‘‘इथेनॉल टाउनहॉल’’ ‘‘बेहद सफल’’ रहा और इसमें कई लोगों ने ऑनलाइन माध्यम से भाग लिया।
अन्य न्यूज़














