Mathura में BJP नेताओं का Akhilesh Yadav पर हमला, गिनाए दलित उत्पीड़न के मामले

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मथुरा में भाजपा की चुनावी रणनीति बैठक के दौरान पार्टी नेताओं ने समाजवादी पार्टी पर दलितों के अपमान और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। यह जुबानी हमला अखिलेश यादव के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने दावा किया था कि दलित समुदाय भाजपा को हराएगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दलितों तक पहुंच बनाने के सपा प्रमुख अखिलेश यादव के प्रयासों पर सवाल उठाते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी (सपा) के शासनकाल में दलितों पर अत्याचार, उनके सम्मानित महापुरुषों का अपमान और उनकी जमीनों पर कब्जे की सबसे अधिक घटनाएं हुईं। भाजपा का यह बयान आगरा में रविवार को आयोजित दलित सम्मेलन में अखिलेश की ओर से दिए गए संबोधन के एक दिन बाद आया है। इस दौरान सपा प्रमुख ने कहा था कि दलित अब दमदार हो गया है।

उन्होंने अपनी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) नारे को नया अर्थ देते हुए दावा किया था कि दलित समुदाय भाजपा को हराएगा। उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने यहां संवाददाताओं से कहा, समाजवादी पार्टी का ऐसा रिकॉर्ड रहा है कि उसके कार्यकाल में दलितों पर अत्याचार, उनके सम्मानित महापुरुषों का अपमान, दलितों की जमीनों पर कब्जे और समुदाय के खिलाफ कई अन्य अपराधों की सबसे अधिक घटनाएं हुईं। उन्होंने कहा कि दलित समुदाय समाजवादी पार्टी की असलियत से अच्छी तरह वाकिफ है।

चौधरी ने यह बयान मथुरा में दिया, जहां उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने के लिए भाजपा के केंद्रीय और प्रदेश के शीर्ष नेताओं की दो दिवसीय बैठक हो रही है। चौधरी ने कहा, अखिलेश यादव जी बार-बार अपना रूप बदलकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश करते रहते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता उन्हें जानती है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि अखिलेश गरीबों, पिछड़ों और दलितों के दुश्मन हैं।

मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव को अयोध्या जाने के बजाय मथुरा आकर भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर बनवाना चाहिए। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि जब भी राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार रही, दलितों पर अत्याचार हुए। पाठक ने आरोप लगाया, जब वे सत्ता में थे, तब उनके मंत्री आजम खान ने बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर को भू-माफिया तक कह दिया था।

उन्होंने कहा कि जनता सपा को कभी स्वीकार नहीं करेगी। भाजपा की दो दिवसीय बैठक के बारे में पूछे जाने पर चौधरी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह महत्वपूर्ण बैठक है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी और पार्टी पूरी ताकत तथा जनता से जुड़ने के स्पष्ट एजेंडे के साथ विधानसभा चुनाव में उतरेगी।

मथुरा से लोकसभा सदस्य हेमा मालिनी ने बैठक के लिए अपने निर्वाचन क्षेत्र को चुने जाने पर खुशी जताई। हेमा मालिनी ने कहा, पार्टी ने बैठक के लिए इस स्थान को चुना है, जहां सभी लोग अपने विचार साझा करेंगे। मैं इस निर्वाचन क्षेत्र की सांसद होने के नाते उनका स्वागत करने आई हूं।

भाजपा के एक पदाधिकारी ने रविवार को बताया था कि पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा के लिए यहां परखम गांव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में 16-17 नवंबर को बैठक कर रही है। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी एल संतोष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़