अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के साथ मध्य प्रदेश में कोविड टीकाकरण के लिए महाभियान शुरू

Campaign

मध्य प्रदेश में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अन्य भाजपा पदाधिकारियों के साथ यहां भाजपा मुख्यालय परिसर में कोविड-19 के अनुरूप व्यवहार के साथ योगाभ्यास किया।

भोपाल। मध्य प्रदेश में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अन्य भाजपा पदाधिकारियों के साथ यहां भाजपा मुख्यालय परिसर में कोविड-19 के अनुरूप व्यवहार के साथ योगाभ्यास किया। प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इन्दौर में इन्दौर जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के परिसर में योग दिवस के कार्यक्रम में भाग लिया। प्रदेश में योग दिवस के साथ ही 21 जून से कोरोना वायरस रोधी टीकाकरण के लिए महाअभियान शुरू किया गया है। इसके लिए प्रदेश में सात हजार टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं और इन केंद्रों को 19 लाख टीके उपलब्ध कराए गए हैं।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली के उद्योग नगर में जूते की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, पांच-छह लोगों के फंसे होने की आशंका

टीकाकरण के लिए लोगों को जागरूक और प्रेरित करने के लिए मुख्यमंत्री चौहान, प्रदेश के मंत्री, केंद्रीय मंत्री और विख्यात व्यक्ति प्रेरक के तौर पर अपने-अपने इलाकों के टीकाकरण केंद्रों का दौरा करेंगे। प्रदेश के सात हजार टीकाकरण केंद्रों पर 35 हजार कर्मचारी तैनात किए गए हैं तथा पहले दिन सोमवार को दस लाख टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें भोपाल में 1.50 लाख, इन्दौर में 1.80 लाख जबकि ग्वालियर और जबलपुर में 60-60 हजार टीके लगाने का लक्ष्य शामिल है।

इसे भी पढ़ें: फादर्स डे पर बेटे जीव सिंह ने मिल्खा सिंह को किया याद, कहा- पापा मेरे सबसे अच्छे मित्र और मार्गदर्शक

टीकाकरण महाअभियान में मुख्यमंत्री चौहान दतिया, भोपाल शहर और अपने निर्वाचन क्षेत्र बुधनी के टीकाकरण केंद्रों का दौरा करेंगे और लोगों को टीके लगाने के प्रति जागरूक करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के मंत्री अपने-अपने जिलों में इस अभियान में शामिल होंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़