Madhya Pradesh के इटारसी वन परिक्षेत्र में मिला बाघिन का शव

वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि चिकित्सक दल द्वारा किए गए प्रारंभिक परीक्षण के आधार पर बाघिन की मृत्यु संभवतः पेट में संक्रमण के कारण होना प्रतीत होती है।
मध्यप्रदेश में नर्मदापुरम जिले के अंतर्गत इटारसी वन परिक्षेत्र के सोनतलाई इलाके में बुधवार को एक बाघिन मृत मिली। वन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाघिन की पिछले दो दिनों से निगरानी की जा रही थी लेकिन जब उसमें कोई गतिविधि नजर नहीं आई तो इसका पता लगाया गया और वह मृत पाई गई।
अधिकारी ने बताया कि मुख्य वन संरक्षक और अन्य अधिकारियों तथा चिकित्सकों की उपस्थिति में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के अनुरूप बाघिन का पोस्टमार्टम कराया गया। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों की वैज्ञानिक पुष्टि के लिए बाघिन का विसरा सुरक्षित रख लिया गया है।
वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि चिकित्सक दल द्वारा किए गए प्रारंभिक परीक्षण के आधार पर बाघिन की मृत्यु संभवतः पेट में संक्रमण के कारण होना प्रतीत होती है।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के दौरान बाघिन के सभी अवयव सुरक्षित पाए गए, जिससे किसी भी प्रकार के अवैध शिकार के संकेत नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि बाघिन की मृत्यु का वास्तविक एवं अंतिम कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा।
अन्य न्यूज़













