78 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी में VFS Capital Limited पर CBI का केस, कोलकाता-देहरादून में छापे

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने सिडबी की शिकायत पर वीएफएस कैपिटल लिमिटेड और उसके निदेशकों के खिलाफ धोखाधड़ी व आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है। एजेंसी ने शुक्रवार को कोलकाता और देहरादून में आरोपियों के कई ठिकानों पर तलाशी लेकर आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए। आरोप है कि प्रयास और टर्म लोन योजनाओं के फंड में हेरफेर कर बैंक को भारी वित्तीय नुकसान पहुंचाया गया।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को 121.78 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में वीएफएस कैपिटल लिमिटेड के निदेशकों से जुड़े कोलकाता और देहरादून स्थित कई ठिकानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एजेंसी ने इस मामले में कंपनी और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

सीबीआई की प्रवक्ता बीना यादव ने एक बयान में बताया कि भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) की शिकायत पर वीएफएस कैपिटल लिमिटेड, कंपनी के निदेशकों और गारंटरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों पर धोखाधड़ी के लिए आपराधिक साजिश रचने और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि इस कथित धोखाधड़ी से बैंक को करीब 121.78 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

यादव ने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने आपराधिक साजिश रचकर बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं कीं और उन पर धन का गबन करने, उसे दूसरे कामों में लगाने, वित्तीय रिकॉर्ड में हेरफेर करने और धोखाधड़ी वाली गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। ये कथित अनियमितताएं सिडबी की ‘प्रयास’ और ‘टर्म लोन’ योजनाओं के तहत दी गई ऋण सुविधाओं से जुड़ी हैं। इसके कारण बैंक को 121.78 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और आरोपियों को इतनी ही राशि का अनुचित लाभ मिला।

सीबीआई की छापेमारी के दौरान बैंक से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज और संपत्ति के कागजात जब्त किए गए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़