CBI ने रिश्वत मामले में पकड़े गए CGST अधीक्षक के घर से बरामद किए 1.86 करोड़ रुपये

केंद्रीय जांच एजेंसी ने पंचकूला में तैनात एक सीजीएसटी अधीक्षक के आवास पर तलाशी लेकर नकदी, विदेशी मुद्रा और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। अधिकारी को एक निजी फर्म को अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले 10 लाख रुपये की घूस लेते रंगे हाथों पकड़ा गया था।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने हाल ही में रिश्वतखोरी के एक मामले में गिरफ्तार केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के एक अधीक्षक के आवास पर तलाशी के दौरान करीब 1.86 करोड़ रुपये की नकदी, विदेशी मुद्रा, सोना और चांदी जब्त की है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पंचकूला में तैनात अधिकारी को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
अधीक्षक के खिलाफ एक निजी कंपनी के खिलाफ जीएसटी कार्यवाही में अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद यह कार्रवाई की गई। सीबीआई प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘आरोपी को 19 नवंबर 2026 को पंचकूला में शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।’’ उन्होंने बताया कि शुक्रवार को आरोपी के आवास पर की गई तलाशी के दौरान 24.29 लाख रुपये, करीब 15.65 लाख रुपये के बराबर विदेशी मुद्रा तथा सोने के आभूषण और चांदी जब्त की गई, जिनका कुल मूल्य करीब 1.46 करोड़ रुपये है।
बयान में कहा गया कि जब्त की गई इन सभी वस्तुओं का कुल मूल्य करीब 1.86 करोड़ रुपये है।
अन्य न्यूज़













