पंजाब में लगाया जाए राष्ट्रपति शासन, सरकार चलाना आम आदमी पार्टी के बस की बात नहीं: कांग्रेस

Congress
Google common license

मूसेवाला हत्याकांड को लेकर हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस विधायक ने पंजाब में राष्ट्रपति शासन की मांग की है। फेसबुक पर एक पोस्ट में, शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह ने आरोप लगाया, सरकार चलाना आम आदमी पार्टी के बस की बात नहीं है।

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के एक विधायक ने मशहूर पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की रविवार को हुई हत्या के बाद पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है। फेसबुक पर एक पोस्ट में, शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह ने आरोप लगाया, सरकार चलाना आम आदमी पार्टी के बस की बात नहीं है। गायक मूसेवाला (28) की रविवार को पंजाब के मानसा जिले में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उनके साथ महिंद्रा थार जीप में यात्रा कर रहे उनके चचेरे भाई और एक दोस्त हमले में घायल हो गए।

इसे भी पढ़ें: कोलकाता में एक और मॉडल मृत मिली, 2 हफ्ते में चौथी मौत

मूसेवाला ने हालिया विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर मानसा से चुनाव लड़ा था और आम आदमी पार्टी (आप) के विजय सिंगला से हार गए थे। विक्रमादित्य सिंह ने फेसबुक पोस्ट में कहा ‘‘पंजाब में तुरंत राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए। सरकार चलाना आम आदमी पार्टी के बस की बात नहीं है।’’ इससे पहले हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के लिए रविवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार को जिम्मेदार ठहराया था। ठाकुर ने ट्वीट में कहा था, ‘‘पंजाब की आप सरकार द्वारा सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा हटाना दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। आज इस हत्या के लिए अगर कोई जिम्मेदार है तो वह पंजाब की आप सरकार ही मानी जाएगी।’’ हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही पंजाब में आप सरकार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में असफल होने का आरोप भी लगाया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़