IIT Bombay छात्र मौत मामला: प्रदर्शन कर रहीं Congress MP Varsha Gaikwad और NSUI कार्यकर्ता हिरासत में

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

आईआईटी मुंबई में छात्र साहिल वाकोडे की मौत के विरोध में संस्थान के बाहर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने इस मामले को संस्थागत हत्या बताते हुए केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियों पर सवाल उठाए हैं। संस्थान परिसर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई में कथित तौर पर आत्महत्या करने वाले छात्र साहिल वाकोडे के परिवार के प्रति एकजुटता व्यक्त करने के लिए संस्थान के परिसर के बाहर प्रदर्शन कर रहीं कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़, पार्टी के कई कार्यकर्ताओं और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बृहस्पतिवार को हिरासत में ले लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। आईआईटी मुंबई में बीटेक के दूसरे वर्ष के छात्र वाकोडे (22) को 18 सितंबर की शाम छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका पाया गया था।

यह घटना उस समय हुई जब कुछ घंटे पहले उसे ‘मिड-सेमेस्टर’ परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन से चैटजीपीटी का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। उसके माता-पिता ने दावा किया है कि उसने उन्हें अपने साथ जाति आधारित अपमानजनक टिप्पणियां किए जाने के बारे में बताया था। गायकवाड़, कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ताओं और पार्टी के छात्र संगठन नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को संस्थान के पवई परिसर के बाहर प्रदर्शन किया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सांसद और महिला कार्यकर्ताओं सहित कई अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय थाने ले जाया गया। प्रदर्शन के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में गायकवाड़ ने सत्तारूढ़ पार्टी पर शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया और इस घटना को ‘‘संस्थागत हत्या’’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा और आरएसएस ने शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है और ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस मृतक छात्र के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और (पार्टी सांसद) राहुल गांधी ने उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।’’ किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए संस्थान के प्रवेश द्वार के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

पुलिस उपायुक्त दत्ता नलावड़े और स्थानीय सहायक पुलिस आयुक्तों सहित वरिष्ठ अधिकारी स्थिति की समीक्षा करने के लिए मौके पर मौजूद थे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़