Kishtwar में दो SPO की हत्या पर Congress ने उठाए सवाल, प्रशासन से मांगा स्पष्टीकरण

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला ने किश्तवाड़ जिले के दच्छन में 12 नवंबर को दो विशेष पुलिस अधिकारियों की हत्या के मामले में प्रशासन की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने इस घटना की परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार से स्पष्टीकरण देने की मांग की है। इसके अलावा भाजपा से पुलिस अधिकारियों का मनोबल गिराने वाले बयानों के लिए माफी मांगने को कहा गया है।

जम्मू-कश्मीर कांग्रेस ने मंगलवार को किश्तवाड़ जिले में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की हत्या को लेकर प्रशासन, विशेषकर पुलिस, की ‘चुप्पी’ पर सवाल उठाए और घटना की परिस्थितियों तथा दोनों की मौत से पहले हुई घटनाओं के क्रम पर आधिकारिक स्पष्टीकरण देने की मांग की। पार्टी ने भाजपा से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने, सुरक्षा बलों का मनोबल गिराने और शहीदों का अपमान करने के साथ-साथ संवेदनशील क्षेत्रों में सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने वाले भड़काऊ बयान जारी करने के लिए माफी की मांग की। जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला ने यहां पत्रकारों से कहा, “हम मांग करते हैं कि अधिकारी 12 नवंबर को किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की हत्या की गंभीर घटना के कारणों का खुलासा करें।

हम किश्तवाड़ के दच्छन इलाके में दो एसपीओ की शहादत से संबंधित तथ्यों पर केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन, विशेषकर पुलिस की चुप्पी पर सवाल उठा रहे हैं।” भल्ला ने जम्मू-कश्मीर में पूरी तरह सामान्य स्थिति बहाल होने के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुलगाम में हुए हमले और किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों की हत्या जैसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। इन घटनाओं को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय और उपराज्यपाल के नेतृत्व वाले प्रशासन को जवाब देना चाहिए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़