Pushkar Singh Dhami का ऐलान: बैणी-भुली योजना से 5 लाख महिलाओं को मिलेगी आर्थिक मदद

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली के पीपलकोटी में मातृशक्ति सम्मेलन के दौरान पांच लाख से अधिक महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा की। इस योजना की राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी, जिसकी पहली किस्त दिसंबर में जारी होगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिले में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को ‘बैणी-भुली’ योजना के तहत पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसकी पहली किस्त दिसंबर में जारी की जाएगी। राज्य में अगले साल चुनाव होने हैं।

चमोली जिले के पीपलकोटी में ‘मातृशक्ति सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए धामी ने कहा कि इस योजना के तहत प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति में महिलाओं की अहम भूमिका है। वे कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में योगदान दे रही हैं।

सरकार स्वयं सहायता समूहों, स्वरोजगार योजनाओं और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर आजीविका के अवसरों का भी विस्तार कर रही है। चमोली के ‘चिपको आंदोलन’ का जिक्र करते हुए धामी ने कहा कि गौरा देवी और अन्य महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया था, वह आज भी पूरी दुनिया को प्रेरित कर रहा है। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में 16.18 करोड़ रुपये की लागत वाली 14 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 133.59 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 परियोजनाओं की आधारशिला रखी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़