भ्रष्टाचार की रक्षा के लिए कांग्रेस एकजुट, न्याय हो रहा है: भाजपा

congress-united-to-protect-corruption-justice-is-being-done-bjp
[email protected] । Aug 23 2019 9:21AM

जावड़ेकर ने कहा,‘‘उनका (कांग्रेस) एकमात्र मिशन देश को लूटना था और इसलिए कानून अब गिरफ्त में ले रहा है। हम सीबीआई या किसी भी जांच एजेंसी के काम में हस्तक्षेप नहीं करते हैं।

नयी दिल्ली। आईएनएक्स धनशोधन मामले को व्यापक भ्रष्टाचार का मामला बताते हुए भाजपा ने गिरफ्तार पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम का बचाव करने के लिए बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि वह भ्रष्टाचार की रक्षा के लिए एकजुट है। भाजपा ने कहा कि अदालत द्वारा चिदंबरम को चार दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजना दिखाता है कि यह ‘‘प्रथम दृष्टया भ्रष्टाचार का मामला है।’’ वरिष्ठ भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने कांग्रेस के इस आरोप को भी खारिज कर दिया कि पूर्व वित्त मंत्री के खिलाफ कार्रवाई ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ है। उन्होंने कहा, ‘‘वास्तव में न्याय हो रहा है।’’

सूचना और प्रसारण मंत्री जावड़ेकर ने कहा, ‘‘चिदंबरम को रिमांड में भेजने के सीबीआई अदालत के फैसले से यह स्पष्ट होता है कि यह भ्रष्टाचार का मामला है। एक प्रथम दृष्टया मुकदमा है और इसीलिए अदालत ने उन्हें जांच एजेंसी की हिरासत में भेज दिया है। इसलिए, कांग्रेस का यह आरोप कि यह राजनीतिक प्रतिशोध है, गलत है। वास्तव में, न्याय हो रहा है।’’ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के शीर्ष नेताओं द्वारा चिदंबरम का बचाव किए जाने और केंद्र सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध से कार्रवाई करने का आरोप लगाए जाने पर जावड़ेकर ने पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भ्रष्टाचार को बचाने के लिए एकजुट हो गई है। यह भ्रष्टाचार का पर्याय है। सत्ता में रहते हुए उसने भारी पैमाने पर देश को लूटा। 

इसे भी पढ़ें: आईएनएक्स मीडिया केस में कैसे आया पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम का नाम, जानें पूरा घटनाक्रम

उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल में हुए कई कथित घोटालों का उल्लेख किया। इनमें कोयला ब्लॉक आवंटन, 2 जी स्पेक्ट्रम और राष्ट्रमंडल खेल शामिल हैं। उन्होंने ‘‘जीजा जी घोटाला’’की भी बात की। वह जाहिरा तौर पर रॉबर्ट वाड्रा से जुड़े विवादास्पद भूमि सौदों का जिक्र कर रहे थे। जावड़ेकर ने कहा,‘‘उनका (कांग्रेस) एकमात्र मिशन देश को लूटना था और इसलिए कानून अब गिरफ्त में ले रहा है। हम सीबीआई या किसी भी जांच एजेंसी के काम में हस्तक्षेप नहीं करते हैं। कानून अपना काम करेगा, लेकिन कांग्रेस अब भ्रष्टचारी की रक्षा के लिए एकजुट है। यह भ्रष्टाचार के समर्थन में है और यह दिख रहा है।’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़