Karnataka में भ्रष्टाचार बना बड़ा मुद्दा, कांग्रेस का राज्य सरकार पर निशाना, भाजपा का पलटवार

basavraj bommai
ANI
अंकित सिंह । Mar 29 2023 12:16PM

डीके शिवकुमार पर कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा कि वह (डीके शिवकुमार) सब कुछ करते हैं और खुलेआम हर तरह की ताकत का इस्तेमाल करते हैं। कांग्रेस सोचती है कि (कर्नाटक के) लोग भिखारी हैं लेकिन जनता उन्हें सिखाएगी।

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। इसके साथ ही वहां की राजनीति गर्म होती दिखाई दे रही है। विपक्ष कर्नाटक में भ्रष्टाचार को बड़ा मुद्दा बनाता दिखाई दे रहा है। हालांकि, भाजपा की ओर से भी पलटवार किया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कर्नाटक में 40% की सरकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां एक-एक MLA के पास 8-10 करोड़ है लेकिन उनपर कोई एक्शन नहीं होता। विपक्ष के नेता जिनके पास कुछ नहीं मिलता उनके लिए ED, CBI को बुलाते हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि कांट्रेक्टर खुद प्रधानमंत्री को खत लिखते हैं लेकिन कुछ नहीं होता। 

इसे भी पढ़ें: Karnataka Election 2023: चुनाव तारीखों का हो गया ऐलान, सत्ता में लौट कर इतिहास रचने की तैयारी में BJP

दूसरी ओर कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने बुधवार को मांड्या में एक रैली के दौरान लोगों पर पैसे फेंके। एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसको लेकप भाजपा कांग्रेस पर हमलावर हो गई है। डीके शिवकुमार पर कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा कि वह (डीके शिवकुमार) सब कुछ करते हैं और खुलेआम हर तरह की ताकत का इस्तेमाल करते हैं। कांग्रेस सोचती है कि (कर्नाटक के) लोग भिखारी हैं लेकिन जनता उन्हें सिखाएगी। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि असली मालिक जनता हैं। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि डी. के. शिवकुमार (कर्नाटक कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष) कांग्रेस के बड़े-बड़े नेताओं को भ्रष्टाचार में अनुसरण कर रहे हैं। भाजपा कर्नाटक चुनावों के लिए तैयार है और भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। 

इसे भी पढ़ें: Karnataka Elections Date Announcement | कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 10 मई को डाले जाएंगे वोट, 13 मई को आएंगे नतीजे

चुनाव को लेकर डीके शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है, हम चाहते हैं कि इस सरकार को बर्खास्त किया जाए। उन्होंने कहा कि यह चुनाव विकासोन्मुखी और भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश और देश के लिए होगा। भ्रष्टाचार चरम पर है और पीएम मोदी ने इसे बढ़ावा दिया, उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। आपको बता दें कि कर्नाटक में आज विधानसभा चुनावों का बिगुल बज गया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने आज विधानसभा चुनाव तारीखों का ऐलान किया इसी के साथ ही राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता भी लागू हो गयी है। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक राज्य में एक ही चरण में चुनाव कराया जायेगा। कर्नाटक में 10 मई को मतदान कराया जायेगा और 13 मई को मतगणना का काम किया जायेगा।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़