Cyclone Akwan का खतरा: गहरा दबाव क्षेत्र बदलेगा भीषण चक्रवाती तूफान में, IMD का अलर्ट

Cyclone Akwan का खतरा: गहरा दबाव क्षेत्र बदलेगा भीषण चक्रवाती तूफान में, IMD का अलर्ट
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव क्षेत्र सोमवार शाम तक चक्रवाती तूफान अकवान का रूप लेकर आंध्र प्रदेश की तरफ बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार यह प्रणाली 19 नवंबर तक तट के पास पहुंचकर अत्यंत भीषण चक्रवात में बदल सकती है। अधिकारियों ने आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु दोनों राज्यों के मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है।

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में बना गहरा दबाव क्षेत्र सोमवार शाम तक ‘अकवान’ नामक भीषण चक्रवाती तूफान का रूप लेकर आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ सकता है। इससे राज्य पर तीन सप्ताह में तीसरी बार शक्तिशाली चक्रवाती तूफान का खतरा मंडरा रहा है। अधिकारियों ने आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु, दोनों राज्यों के मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि इस प्रणाली के प्रभाव से चेन्नई और आसपास के जिलों में बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव क्षेत्र सोमवार शाम तक चक्रवाती तूफान, 17 नवंबर तक भीषण चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर के आसपास आंध्र प्रदेश तट के निकट अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। आईएमडी की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में बना गहरा दबाव क्षेत्र पिछले छह घंटे के दौरान आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा।

सोमवार सुबह साढ़े पांच बजे यह इसी क्षेत्र में केंद्रित था। आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने बताया कि इससे सोमवार को राज्य के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। प्राधिकरण ने राज्य के मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।

जैन ने किसानों और आम लोगों से भी आवश्यक सावधानी बरतने को कहा है। आंध्र प्रदेश हाल ही में एक के बाद एक आए दो चक्रवाती तूफानों ‘अर्नब’ और ‘मुरासु’ की मार झेल चुका है। इन तूफानों से राज्य में लाखों एकड़ में फसलें बर्बाद हो गईं और करीब 7,000 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

राज्य सरकार ने केंद्र से सहायता मांगी है। तमिलनाडु के संबंध में मौसम विभाग ने बताया कि 17 नवंबर से चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

इसके अलावा 18 नवंबर से कांचीपुरम, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम, कुड्डालोर और मयिलादुथुराई जिलों के साथ-साथ पड़ोसी केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में भी भारी बारिश हो सकती है। सोमवार सुबह साढ़े पांच बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान तूतीकोरिन में सर्वाधिक 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद नागरकोइल और कन्याकुमारी में 10-10 मिलीमीटर बारिश हुई।

इसी अवधि में चेन्नई, नीलगिरि और विरुधुनगर जिलों तथा पुडुचेरी में भी मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों के मछुआरों को 16 से 21 नवंबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़