पासपोर्ट मामले में Sushil Ansal को झटका, दिल्ली कोर्ट ने खारिज की याचिका

पासपोर्ट मामले में Sushil Ansal को झटका, दिल्ली कोर्ट ने खारिज की याचिका
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उपहार अग्निकांड के दोषी सुशील अंसल की पुनरीक्षण याचिका को दिल्ली की सत्र अदालत ने शनिवार को नामंजूर कर दिया। अंसल ने पासपोर्ट नवीनीकरण के दौरान आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाने और गलत हलफनामा देने के मामले में मजिस्ट्रेट अदालत द्वारा तय किए गए आरोपों को चुनौती दी थी।

दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को उपहार अग्निकांड के दोषी सुशील अंसल की पुनरीक्षण याचिका खारिज कर दी, जिसमें उन्होंने पासपोर्ट के नवीनीकरण के लिए आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाने और गलत घोषणापत्र देने के आरोपों से जुड़े एक अलग मामले में मजिस्ट्रेट अदालत द्वारा आरोप तय करने के आदेश को चुनौती दी थी। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सौरभ प्रताप सिंह ललर ने कहा, ‘‘याचिका खारिज की जाती है।’’ मजिस्ट्रेट अदालत ने पिछले साल दिसंबर में अंसल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420 (धोखाधड़ी), 177 (लोक सेवक को गलत जानकारी देना) और 181 (शपथ पर गलत बयान देना) तथा पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12 (पासपोर्ट से संबंधित अपराध) के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया था। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने 2019 में अंसल के खिलाफ गलत जानकारी देने के आरोप में मामला दर्ज किया था।

उन्होंने 1997 के उपहार सिनेमा अग्निकांड में अपनी दोषसिद्धि की जानकारी नहीं दी थी। उच्चतम न्यायालय ने अंसल बंधुओं गोपाल और सुशील को 13 जून 1997 को फिल्म ‘‘बॉर्डर’’ के प्रदर्शन के दौरान सिनेमाघर में लगी आग के मामले में लापरवाही के कारण मौत का दोषी ठहराया था। इस हादसे में 59 लोगों की जान चली गई थी।

दोनों भाइयों ने इस मामले में एक-एक साल की सजा काटी थी। एक साल की जेल की सजा के अलावा उच्चतम न्यायालय ने दोनों भाइयों पर 60 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया था। इस राशि का इस्तेमाल राष्ट्रीय राजधानी में एक ट्रॉमा सेंटर बनाने के लिए किया जाना था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़