Dussehra पर Delhi Police ने जारी की Traffic Advisory, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

Dussehra पर Delhi Police ने जारी की Traffic Advisory, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

राष्ट्रीय राजधानी में दशहरा समारोह और आधिकारिक आवश्यकताओं के कारण मंगलवार को कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू रहेंगे। दिल्ली यातायात पुलिस ने लाल किला, रामलीला मैदान और द्वारका में भारी भीड़ और वीवीआईपी आवाजाही को देखते हुए विशेष प्रबंध किए हैं। यात्रियों को प्रभावित मार्गों से बचने और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

राष्ट्रीय राजधानी में दशहरा समारोह और आधिकारिक आवश्यकता के मद्देनजर मंगलवार शाम से देर रात तक अलग-अलग इलाकों में यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे एवं मार्गों में परिवर्तन किया जाएगा। यातायात पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि लाल किला, रामलीला मैदान एवं द्वारका में रावण दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने और वीवीआईपी की आवाजाही की संभावना है।

दिल्ली यातायात पुलिस ने एक परामर्श में कहा कि लाल किले पर दशहरा समारोह के मद्देनजर, मंगलवार दोपहर से रात 11 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। इसने लोगों को सलाह दी है कि वे लाल किले वाले जाने वाले रास्ते से बचें, तय की गई पार्किंग जगहों का ही इस्तेमाल करें, सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें और यातायात पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने बताया कि इस अवधि के दौरान नेताजी सुभाष मार्ग और निषाद राज मार्ग पर गाड़ियों की आवाजाही यातायात की स्थिति और सुरक्षा जरूरतों के मद्देनजर प्रतिबंधित या नियंत्रित की जा सकती है।

परामर्श के मुताबिक, छत्ता रेल चौक, सुभाष मार्ग पर टी प्वाइंट, दिल्ली गेट, शांति वन चौक और जीपीओ चौक पर यातायात मार्ग परिवर्तन लागू किए जा सकते हैं। इस दौरान छत्ता रेल चौक और दिल्ली गेट से आगे किसी भी ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा व साइकिल को जाने की इजाजत नहीं होगी। इसमें यह भी कहा गया है कि दोपहर बाद से रात 11 बजे तक दिल्ली गेट या दरिया गंज से लाल किले की ओर जाने वाली बसों को राजघाट की ओर मोड़ दिया जाएगा।

पुलिस ने एक अलग परामर्श में कहा कि आधिकारिक आवश्यकताओं को देखते हुए, शाम चार बजे से रात 10 बजे तक ए पॉइंट और आईपी मार्ग के दोनों तरफ के रास्तों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। इस दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। दिल्ली यातायात पुलिस ने परामर्श में कहा कि द्वारका में ये प्रतिबंध यूईआर-दो, द्वारका एक्सप्रेसवे और सड़क संख्या 224, 226, 203 तथा 205 पर शाम 4.50 बजे से रात आठ बजे तक लागू रहेंगे।

विजयादशमी के अवसर पर द्वारका के सेक्टर 10 में रावण का 221 फुट ऊंचा पुतला दहन किया जाएगा। द्वारका श्री रामलीला सोसाइटी ने इस पुतले को 2026 के दशहरा में देश में दहन किए जाने वाले सबसे ऊंचे पुतलों में से एक बताया है। परामर्शों में लोगों से प्रभावित सड़कों से बचने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने को कहा गया है।

साथ में लोगों से घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलने को कहा गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़