पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में महसूस किये गये भूकंप के झटके

प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क । Aug 24, 2016 5:26PM
पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में आज शक्तिशाली भूकंप का झटका महसूस किया गया जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.7 दर्ज की गयी और उसका केंद्र म्यामां में था।
कोलकाता। पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में आज शक्तिशाली भूकंप का झटका महसूस किया गया जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.7 दर्ज की गयी और उसका केंद्र म्यामां में था। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अधीन आने वाले राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप का केंद्र म्यामां में था और यह शाम 4:04 बजे 58 किलोमीटर की गहराई में आया।
भारत में भूकंप के झटके बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में महसूस किये गये। जिससे लोग दहशत में आ गये। हालांकि जान-माल के नुकसान की फिलहाल कोई खबर नहीं है। पूर्वोत्तर भारत दुनिया के सर्वाधिक भूकंप संभावित क्षेत्रों में से एक है।
Disclaimer:प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।
अन्य न्यूज़