किरीट सोमैया पर हमले के मामले में आठ और लोग गिरफ्तार

[email protected] । Oct 13 2016 2:22PM

मुंबई उपनगर मुलुंड में भाजपा नेता किरीट सोमैया एवं पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमले के संबंध में शिवसेना के आठ और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है।

मुंबई। मुंबई उपनगर मुलुंड में भाजपा नेता किरीट सोमैया एवं पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमले के संबंध में शिवसेना के आठ और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। नवघर पुलिस थाने में एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात ताजा गिरफ्तारियां की गईं और इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 13 हो गई है।

पांच लोगों को बुधवार दिन में गिरफ्तार किया गया था। शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने सोमैया द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में मंगलवार को बाधा उत्पन्न की थी जिसके बाद उन्होंने मुंबई-उत्तर-पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से सांसद पर कथित हमला किया था। दशहरा के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में ‘एमसीजीएम में भ्रष्टाचार माफिया’ का पुतला फूंका जाना था। गठबंधन के दोनों सहयोगियों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प में एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए थे। अधिकारी ने कहा कि सभी आरोपियों को आज एक स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। एमसीजीएम पर पिछले 20 वर्षों से शिवसेना-भाजपा गठबंधन सत्तारूढ़ है और स्थानीय निकाय चुनाव अगले साल की शुरूआत में होने हैं। पूर्व मुंबई भाजपा प्रमुख सोमैया ने शिवसेना को आक्रामक तरीके से निशाना बनाया है और बार बार आरोप लगाया है कि स्थानीय निकाय में ''माफिया राज और भ्रष्टाचार’’ का बोलबाला है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़