Kerala के वायनाड और कोझिकोड में दो हादसों में चार लोगों की मौत

वायनाड के सुल्तान बथेरी में छात्रों को ले जा रही एक वैन पलटने और कोझिकोड के चेमनचेरी में ट्रेन की चपेट में आने से कुल चार लोगों की जान चली गई। सड़क हादसे में मांड्या विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों समेत 15 सवारों में से दो की मृत्यु हुई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं रेलवे ट्रैक पर जान गंवाने वाले दोनों नाबालिग आपस में करीबी दोस्त थे और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
केरलम में दो अलग-अलग दुर्घटना में दो छात्रों समेत चार लोगों की मौत हो गयी तथा कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। कर्नाटक के मांड्या विश्वविद्यालय के छात्रों को लेकर जा रही एक पर्यटक वैन रविवार देर रात यहां सुल्तान बथेरी में पलट गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब डेढ़ बजे सुल्तान बथेरी के 54-माइल इलाके में हुआ, जब चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और इसके बाद वैन पलट गयी। विश्वविद्यालय के छात्रों समेत 15 लोगों को लेकर वैन केरलम के पर्यटन स्थलों की यात्रा से लौट रही थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण वे सभी यात्रियों को बाहर नहीं निकाल सके।
इसके बाद दमकल एवं बचाव सेवा के कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वाहन को काटकर सभी यात्रियों को बाहर निकाला और पास के अस्पताल पहुंचाया। मृतकों की पहचान रंजीत और भारत के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि वाहन रंजीत चला रहा था। अभी यह पुष्टि नहीं हो सकी है कि भारत विश्वविद्यालय का छात्र था या वहां का कर्मचारी। पुलिस के अनुसार, बचाए गए तीन यात्रियों की हालत गंभीर है।
घटना की जांच की जा रही है। एक अन्य हादसे में रविवार शाम यहां चेमनचेरी रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से दो स्कूली विद्यार्थियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कप्पड़ के विकास नगर निवासी अवनिका (14) और तिरुवंगूर निवासी पार्थिव (17) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार शाम करीब छह बजे चेमनचेरी रेलवे स्टेशन के पास हुई। पुलिस ने बताया कि अवनिका तिरुवंगूर सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा थी। पार्थिव ने इसी स्कूल से दसवीं कक्षा की पढ़ाई पूरी की थी और वह अथोली के एक अन्य स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ रहा था।
इस मामले में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने के लिए जांच कर रही है कि कहीं यह आत्महत्या का मामला तो नहीं है। रविवार शाम दोनों को चेमनचेरी रेलवे स्टेशन पर एक साथ देखा गया था।
अधिकारियों के अनुसार, दोनों करीबी दोस्त थे और उन्होंने अपने सोशल मीडिया खातों पर साथ में खिंचवाई गई कई तस्वीरें पोस्ट की थीं। शुरुआत में पुलिस दोनों की पहचान नहीं कर सकी, क्योंकि हादसे में उनके शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए थे। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार तड़के विस्तृत जांच के बाद परिजनों की मदद से दोनों शवों की पहचान की जा सकी।
जांच के तहत पुलिस दोनों परिवारों के बयान दर्ज करेगी।
अन्य न्यूज़













