विकसित भारत निर्माण में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाएगी Goa सरकार: Vishwajit Rane

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

गोवा के महिला एवं बाल विकास मंत्री विश्वजीत राणे ने कहा कि राज्य सरकार जमीनी स्तर पर महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के लिए अधिक अवसर पैदा करने का संकल्प है। नयी दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन के बाद उन्होंने यह बात कही।

गोवा के महिला एवं बाल विकास मंत्री विश्वजीत राणे ने कहा है कि राज्य सरकार जमीनी स्तर पर महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कदम उठाएगी, ताकि वे विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा सकें और देश की प्रगति में योगदान दे सकें। राणे ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि नयी दिल्ली में दो दिवसीय ‘नारी शक्ति मंथन’ सम्मेलन शुक्रवार को संपन्न हुआ जिसमें नए विचार सामने आए, कई महत्वपूर्ण बातें सीखने को मिलीं और महिलाओं के नेतृत्व में विकास की प्रतिबद्धता दोहराई गई। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में हमारा सामूहिक संकल्प स्पष्ट है।

हम महिलाओं के लिए अधिक अवसर पैदा करना चाहते हैं, ताकि वे विकसित भारत के निर्माण और देश की प्रगति में अग्रणी भूमिका निभा सकें।’’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को गोवा के हर हिस्से तक पहुंचाने और हर स्तर पर महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। महिला एवं बाल विकास पर दो दिवसीय सम्मेलन आठ और नौ अक्टूबर को नयी दिल्ली में आयोजित किया गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़