भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में मिली जीत पर बांटी मिठाई

BJP
प्रतिरूप फोटो

गोरखपुर क्षेत्र के अध्यक्ष डॉ धमेंद्र सिंह ने बेनीगंज स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर भाजपा के नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के 75 जिलों में से 65 में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों ने जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। इसमें सात जिले गोरखपुर क्षेत्र के हैं।

गोरखपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा ने पूरे प्रदेश में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। यह भाजपा के प्रति जनता जनार्दन का विश्वास के साथ सुशासन और विकास की जीत है। इस परिणाम ने साबित कर दिया है कि 2022 में भाजपा प्रदेश में लगातार दूसरी बार सरकार बनाने जा रही है। उक्त बातें गोरखपुर क्षेत्र के अध्यक्ष डॉ धमेंद्र सिंह ने बेनीगंज स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर भाजपा के नेताओं को संबोधित करते हुए कही। जिला पंचायत अध्यक्ष पद का परिणाम आने के बाद खुशी का इजहार करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के 75 जिलों में से 65 में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों ने जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। इसमें सात जिले गोरखपुर क्षेत्र के हैं, जहां भाजपा ने परचम लहराया है। देवरिया एक ऐसा जिला है, जहां पहली बार भाजपा का जिला पंचायत अध्यक्ष होगा। यह ऐतिहासिक सफलता योगी आदित्यनाथ जी महराज के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा कराए विकास कार्य और बेहतर कानून व्यवस्था की बदौलत मिली है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व की बेहतर प्रबंधन के लिए सराहना करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव के बाद विरोधी दल खोखला दावा कर रहे थे। भाजपा के पक्ष में आए चुनाव परिणाम से विरोधी दलों के दावे की हवा निकल गई है। इसी तरह 2022 के विधान सभा चुनाव में भी सपा, बसपा और कांग्रेस की हवा निकलेगी। दूसरी ओर गोरखपुर क्षेत्र के 62 विधानसभा क्षेत्र में से 55 से अधिक विधायक जीत कर जायेंगे और प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। संबोधन से पहले भाजपा नेताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विश्वजीतांशु सिंह आशु, मंत्री बजरंगी सिंह बज्जू, मीडिया प्रभारी डॉ बच्चा पांडेय नवीन, कार्यालय सह प्रभारी पंकज जायसवाल, महामंत्री ओमप्रकाश शर्मा, देवेश श्रीवास्तव, अच्युतानंद शाही, सौरभ अग्निहोत्री, श्रवण पांडेय, अशोक मिश्र, विष्णु जायसवाल, गजेंद्र सिंह, पवन चतुर्वेदी, अजय सिंह आदि मौजूद रहे।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़