BJP घोषणापत्र का गुजराती संस्करण जारी, 3 प्रचार गीत भी पेश किए गए

BJP Gujarat
@BJP4Gujarat

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 19 अप्रैल को पहले चरण के मतदान से ठीक पहले नयी दिल्ली में भाजपा के घोषणापत्र संकल्प पत्र का अनावरण किया था। पटेल और पाटिल ने तीन प्रचार गीत भी जारी किए जिनमें केंद्र की भाजपा सरकार और मोदी की प्रशंसा की गयी है। पार्टी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि ये गाने गुजरात में भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान के दौरान बजाए जाएंगे।

गांधीनगर। लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घोषणापत्र का गुजराती संस्करण राज्य में मतदान से दो सप्ताह पहले मंगलवार को यहां जारी किया गया। राज्य में भाजपा का एक उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुका है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने घोषणापत्र जारी किया। घोषणापत्र में पार्टी के कार्यक्रमों और मतदाताओं से किए गए वादों का विवरण है। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 19 अप्रैल को पहले चरण के मतदान से ठीक पहले नयी दिल्ली में भाजपा के घोषणापत्र संकल्प पत्र का अनावरण किया था। पटेल और पाटिल ने तीन प्रचार गीत भी जारी किए जिनमें केंद्र की भाजपा सरकार और मोदी की प्रशंसा की गयी है। पार्टी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि ये गाने गुजरात में भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान के दौरान बजाए जाएंगे। राज्य की 26 लोकसभा सीट में से 25 के लिए एक ही चरण में सात मई को मतदान है। इस अवसर पर, पटेल और पाटिल ने मोदी की गारंटी रथ नामक वाहन को हरी झंडी दिखाई जिसे विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। इस वाहन के जरिए लोगों को बड़ी स्क्रीन पर वीडियो क्लिप और भाजपा के प्रचार गीत दिखाए जाएंगे। 

इसे भी पढ़ें: दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल की पत्नी सुनीता ने हनुमान जयंती पर पूजा अर्चना की

एक निर्वाचन अधिकारी ने सोमवार को बताया कि गुजरात की 25 लोकसभा सीट के लिए कुल 265 उम्मीदवार मैदान में हैं। सूरत से भाजपा उम्मीदवार मुकेश दलाल सोमवार को निर्विरोध निर्वाचित हो गए। कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन पत्र रद्द होने और अन्य उम्मीदवारों के नाम वापस लिए जाने के बाद दलाल को इस सीट से निर्वाचित घोषित कर दिया गया। राज्य से प्रमुख उम्मीदवारों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (गांधीनगर) और उनके कैबिनेट सहयोगी मनसुख मांडविया (पोरबंदर) तथा पुरुषोत्तम रूपाला (राजकोट) शामिल हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़