Hapur में शादी के दो दिन बाद आभूषण लेकर दुल्हन फरार, Priest और परिजनों पर FIR

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में लिसड़ी-भगवतीपुर निवासी विनोद कुमार की शिकायत पर पुलिस ने दो दिन पहले विवाह के बाद आभूषण लेकर फरार हुई सीमा नामक महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित के अनुसार, हल्द्वानी के एक पुजारी ने शादी का प्रस्ताव देकर मंदिर में विवाह कराया था जिसके बाद दुल्हन सोने-चांदी के गहने और नकदी लेकर गायब हो गई। पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है और पुजारी तथा दुल्हन के परिजनों को भी आरोपी बनाया गया है।
हापुड़ जिले में एक नवविवाहिता शादी के दो दिन बाद कथित तौर पर आभूषण लेकर घर से फरार हो गई जिसके बाद उसके पति ने महिला, एक पुजारी और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना सिंभावली थाना क्षेत्र के लिसड़ी-भगवतीपुर गांव की है।
महिला के देर रात घर से फरार होने का घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। महिला के पति विनोद कुमार की शिकायत के अनुसार, हल्द्वानी के पुजारी राकेश शास्त्री ने करीब तीन महीने पहले उनसे संपर्क किया था और शादी का प्रस्ताव रखा था। कुमार ने कहा, ‘‘पुजारी ने बताया था कि महिला गरीब परिवार से है और उसका विवाह मंदिर में कराया जाएगा।’’ पुलिस ने विनोद के हवाले से बताया कि वह 14 अगस्त को अपने परिवार के साथ रामपुर स्थित शिव मंदिर गए थे, जहां पुजारी ने सीमा नाम की महिला के साथ उनका विवाह कराया।
उसने कहा, ‘‘विवाह के बाद विनोद के परिवार ने दुल्हन की मां को एक लाख रुपये और पुजारी को दक्षिणा के तौर पर 2,100 रुपये दिए। सीमा को घर लाने के बाद सोने का मंगलसूत्र, चांदी का हार, बालियां और पायल दी गई थी।’’ पुलिस ने कहा कि 15 अगस्त की रात सीमा सभी आभूषण लेकर घर से चली गई। अगली सुबह परिवार के सदस्यों को उसके घर में नहीं होने का पता चला।
उन्होंने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि विनोद की शिकायत के आधार पर पुजारी राकेश शास्त्री, सीमा और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
अन्य न्यूज़













